वर्षा के जल का संरक्षण भविष्य की सबसे बड़ी प्राथमिकता – विजेन्द्र गुप्ता

Date:

  •  उन्होंने युवाओं से जल संरक्षण अभियान में नेतृत्व करने की अपील की

नई दिल्ली, 1 मई 2026 । “जो शहर अपने वर्षा जल को यूँ ही बह जाने देता है, वह अपने भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकता। हर बूंद को संचित करना, संरक्षित करना और धरती में वापस पहुँचाना आवश्यक है,” यह बात दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली के रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में वर्षा जल संचयन परियोजना के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही। यह परियोजना दिल्ली जल बोर्ड स्टोर, एलआईजी-एमआईजी फ्लैट्स, ईस्ट ऑफ लोनी रोड में मंत्री कपिल मिश्रा तथा रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन की उपस्थिति में प्रारंभ की गई।

इस पहल को सतत शहरी प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए गुप्ता ने कहा कि तेजी से विस्तार करते शहर में जल संरक्षण अब विकल्प नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि, शहरीकरण, भूजल स्तर में गिरावट और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते दबावों ने दिल्ली में जल सुरक्षा को अत्यंत गंभीर विषय बना दिया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्षा जल, जो प्रायः व्यर्थ बह जाता है, उसे वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से संचित कर एक विश्वसनीय संसाधन में बदला जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्षा जल संचयन न केवल गिरते भूजल स्तर को सुधारने का व्यावहारिक उपाय है, बल्कि यह एक सामूहिक जिम्मेदारी भी है, जिसे सभी को निभाना चाहिए।

जितेंद्र महाजन और परियोजना से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए गुप्ता ने कहा कि यह पहल दर्शाती है कि स्थानीय स्तर पर किए गए केंद्रित प्रयास व्यापक पर्यावरणीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं पारिस्थितिक संतुलन बहाल करने के साथ-साथ दीर्घकालिक जल स्थिरता को भी सुदृढ़ करती हैं।

जन सहभागिता की आवश्यकता पर बल देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने नागरिकों से अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर वर्षा जल संचयन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस दिशा में नेतृत्व करने और जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि आज की निष्क्रियता का भारी मूल्य आने वाली पीढ़ियों को चुकाना पड़ेगा।

इस पहल के व्यापक महत्व को रेखांकित करते हुए गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बन सकती है और एक अधिक सतत एवं जल-सुरक्षित शहरी भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related