- चहल ने सरोजिनी नगर मार्केट में “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया
नई दिल्ली । 6 अगस्त 2025 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 और स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” विशेष स्वच्छता अभियान का एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सरोजिनी नगर मार्केट, नई दिल्ली में नेतृत्व किया ।
उन्होने कहा कि यह एक माह का विशेष अभियान (1 अगस्त से 31 अगस्त, 2025 तक) राजधानी दिल्ली को साफ, हरा-भरा और स्वस्थ बनाने की दिशा में सामूहिक जनसहभागिता और संस्थागत प्रयासों के साथ आगे बढ़ रहा है।
चहल ने इस कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों, एनडीएमसी के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया और श्रम की गरिमा एवं सामूहिक प्रयास की ताकत को रेखांकित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी बेहद ज़रूरी है। उन्होंने बताया कि यह अभियान एनडीएमसी के सभी विभागों — जैसे स्कूलों, अस्पतालों, सार्वजनिक पार्कों, दफ्तरों और बाज़ारों — में विशेष गतिविधियों के ज़रिए चलाया जाएगा।

उन्होने कहा कि हर विभाग का पर्यवेक्षक स्वच्छ परिसर अभियान, नियमित सफाई निरीक्षण, जागरूकता सत्र और डिजिटल कैंपेन के ज़रिए साफ-सफाई की आदतों और व्यवहार में बदलाव लाने का कार्य करेगा।
चहल ने नागरिकों, विद्यार्थियों, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA), बाज़ार संघों और अन्य संस्थागत समूहों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल एक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि गर्व और सशक्तिकरण का राष्ट्रीय आंदोलन बनाना हमारा उद्देश्य है।
आने वाले दिनों में विशेष सफाई अभियान बाज़ारों और रिहायशी इलाकों में चलाया जाएगा, जिसमें RWA और व्यापार मंडलों का सहयोग लिया जाएगा। एनडीएमसी के सभी स्कूलों में बच्चों के लिए पेंटिंग, निबंध लेखन और स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा, “क्लीन माय सिटी” जागरूकता मार्च भी निकाला जाएगा, जिसमें सफाई कर्मचारी, स्वयंसेवक, शिक्षक और डॉक्टर शामिल होंगे।
“दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान के ज़रिए एनडीएमसी एक ऐसी राजधानी की कल्पना करता है जो स्वच्छता, एकता और राष्ट्रीय गौरव की प्रतीक हो — और जो स्वतंत्रता के सही मायने को दर्शाए। उन्होने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निकायों की ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी ज़रूरी है। सरोजिनी नगर मार्केट जैसे व्यस्त बाज़ार क्षेत्रों में, स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ यहां आने वाले खरीददारों और पर्यटकों की भी यह नैतिक और सामाजिक ज़िम्मेदारी बनती है कि वे स्वच्छता बनाए रखें और कचरा इधर-उधर न फैलाएं। बाजार की सफाई, सुंदरता और व्यवस्था तभी बनी रह सकती है जब स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों — दोनों का सहयोग बराबर रूप से मिले।

इस अवसर पर चहल ने सरोजिनी नगर स्थित केशव पार्क में एक पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ हरित वातावरण भी हमारी ज़िंदगी और भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। पेड़ न केवल हमें स्वच्छ हवा प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और शहर को सुंदर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पौधारोपण का यह संदेश इस अभियान को और व्यापक बनाता है — जिसमें स्वच्छता के साथ हरियाली को भी जोड़कर राजधानी को एक स्वच्छ, स्वस्थ और सतत (सस्टेनेबल) शहर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की अधिकारी शकुंतला श्रीवास्तव, उद्यान विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में सफाई सेवक और बाज़ार व्यापारी संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
