- कहा कि इस बार ITO बैराज के सभी गेट खुले हैं; 2023 जैसी बाढ़ की स्थिति दोहराई नहीं जाएगी I
नई दिल्ली । 7 अगस्त 25 । दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया। वे स्वयं 12 नंबर रेगुलेटर तक पहुंचे और नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और अब तक की तैयारियों की समीक्षा की।
आज यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 204.99 मीटर दर्ज किया गया, जो कि चेतावनी स्तर 204.50 मीटर से ऊपर है। यह वृद्धि हरियाणा स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण हुई है। हालांकि मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह मौसमी और सामान्य स्थिति है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
मीडिया से बात करते हुए प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इस मौसम में यमुना का जलस्तर सामान्य रूप से बढ़ता है। विभाग पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इस बार सबसे बड़ी बात यह है कि ITO बैराज के सभी गेट खुले हुए हैं। वर्ष 2023 की तरह इस बार कोई गेट बंद नहीं है, जिससे जलप्रवाह में कोई रुकावट नहीं आ रही है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”

उन्होंने यह भी बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले ही सतर्क कर दिया गया है और संबंधित एसडीएम लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। यदि आवश्यक हुआ तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की पूरी योजना तैयार है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीमें, अभियंता और राहतकर्मी 24×7 मैदान में सक्रिय हैं। सभी बैराजों, रेगुलेटरों, पंपिंग स्टेशनों और जल निकासी प्रणालियों की निगरानी की जा रही है। नालों की सफाई और बैकअप व्यवस्थाओं की भी समय पर समीक्षा की जा चुकी है।
प्रवेश साहिब सिंह ने जनता से अपील की कि वे केवल सरकारी स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। जरूरत पड़ने पर नागरिक जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम समय रहते उठाए जा रहे हैं।
