•मुख्यमंत्री सेवा सदन में रक्षाबंधन की अनूठी छटा।
•सीएम रेखा गुप्ता ने स्कूलों के बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन
नई दिल्ली । 7 अगस्त 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री सेवा सदन में दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और दिल्ली नगर निगम के प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व स्नेह और उमंग के साथ मनाया। बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखियाँ बांधते हुए उनके प्रति अपने स्नेह और शुभकामनाएं व्यक्त कीं, मुख्यमंत्री ने भी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने समाज, परिवार और मूल्यों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। यह मेरा दिल्ली में बतौर मुख्यमंत्री पहला रक्षाबंधन है, और मैं इसे बच्चों के साथ मनाकर बहुत हर्षित महसूस कर रही हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भावनात्मक रिश्ते के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी है, वह है राजधानी को सुरक्षित, स्वच्छ, हरी-भरी और ‘विकसित दिल्ली’ बनाना। इसके लिए वह लगातार गंभीर प्रयास कर रही हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि वह अपनी बहनों के लिए मुस्कान और आत्मबल की कामना करती हैं और भाइयों को आगे बढ़ने, सफलता प्राप्त करने और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए शुभकामनाएं देती हैं। हमारा स्वप्न है एक ऐसे समाज का निर्माण करना जहाँ हर बहन को सम्मान और हर भाई को जिम्मेदारी का बोध हो।
