नई दिल्ली, लखनऊ और बेंगलुरु के बीच आज होने वाला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। क्रिकेट फैंस की नजरें खासतौर पर स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी होंगी, क्योंकि यह मुकाबला प्लेऑफ की रेस पर बड़ा असर डाल सकता है।
बेंगलुरु को पिछले मैच में गुजरात टाइटंस से 4 विकेट से हार मिली थी। रजत पाटीदार की टीम यह मैच जीतकर प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
वहीं, लगातार 6 हार के बाद पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मुकाबला साख बचाने जैसा होगा।
अभी तक दोनों टीमों के बीच IPL में 7 मुकाबले हुए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 5 मैच जीते हैं। इस सीजन में दोनों के बीच यह दूसरा मुकाबला है। बेंगलुरु में खेले गए पहले मैच में RCB ने लखनऊ को 5 विकेट से हराया था। पिछले सीजन में दोनों के बीच एक मैच हुआ था, जिसे बेंगलुरु ने जीता था। दोनों टीमें इकाना में दो बार भिड़ीं है और दोनों बार बेंगलुरु जीती है।
लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश करेगी, जबकि बेंगलुरु की नजर जीत के साथ अंक तालिका में मजबूत स्थिति हासिल करने पर होगी। दोनों टीमों के बल्लेबाजी क्रम में कई विस्फोटक खिलाड़ी मौजूद हैं, जिससे हाई स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। गेंदबाजी विभाग में भी दोनों टीमों के पास मैच पलटने वाले खिलाड़ी हैं।
RCB के लिए शीर्ष बल्लेबाजों का फॉर्म बेहद अहम होगा, वहीं लखनऊ की टीम घरेलू परिस्थितियों में संतुलित प्रदर्शन के दम पर मुकाबले में बढ़त लेने की कोशिश करेगी। फैंस को चौकों-छक्कों और रोमांच से भरपूर मैच देखने को मिल सकता है।
