नई दिल्ली, 11 अप्रैल 2026 । बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने नागपुर में मोहन भागवत से मुलाकात की, जिसके बाद यह घटना सुर्खियों में आ गई है। यह मुलाकात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय में हुई, जहां दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई।
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह शुक्रवार को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के मेमोरियल पर गए। जहां उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि दी और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की।
पीटीआई की रिपोर्ट में बताया गया कि एक्टर ने संघ के दूसरे सरसंघचालक एम एस गोलवलकर के मेमोरियल पर जाकर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी।
रणवीर दोपहर करीब 4 बजे मुंबई से चार्टर्ड फ्लाइट से नागपुर पहुंचे। वे रेशिमबाग स्थित हेडगेवार स्मृति मंदिर परिसर गए, जो RSS से जुड़ा प्रमुख स्थान है। जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह मुंबई से सीधे नागपुर पहुंचे और संघ मुख्यालय जाने के बाद उन्होंने RSS संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के स्मृति स्थल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मुलाकात को औपचारिक (courtesy meeting) बताया जा रहा है, हालांकि बातचीत के विषयों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब रणवीर सिंह अपनी फिल्म धुरंधर 2 की जबरदस्त सफलता को लेकर चर्चा में हैं। इस वजह से उनकी यह मुलाकात और भी ज्यादा सुर्खियां बटोर रही है। हालांकि, इस मुलाकात के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में अलग-अलग तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य शिष्टाचार भेंट मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे बड़े सांस्कृतिक या सामाजिक संकेत के रूप में देख रहे हैं।
