- उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा
नई दिल्ली । 9 सितम्बर 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग स्थित हैदरपुर क्षेत्र में मुनक नहर हादसे में दिवंगत हुए दो बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार मृतक बच्चों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आर्थिक सहायता की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द राशि पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए नहरों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए मुनक नहर के आसपास के इलाके को सुरक्षित बनाने के प्रयास शुरू हो गए हैं। मुनक नहर के रखरखाव की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार के पास है। हम हरियाणा सरकार से बात कर रहे हैं ताकि रखरखाव का जिम्मा हमारे पास आ जाए। उसके बाद मुनक नहर के दोनों ओर रेलिंग लगाई जाएगी, ताकि लोग सुरक्षित रहें और नहर भी निर्बाध बहती रहे।
