- कपिल मिश्रा ने जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक*
- करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में 5 एमजीडी पानी की आपूर्ति के स्थान पर 8 एमजीडी पानी की आपूर्ति की जाए
नई दिल्ली । 7 जुलाई, 2025 । दिल्ली सरकार के विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक कपिल मिश्रा ने आज करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति और सीवेज सिस्टम सम्बन्धी समस्याओं के समाधान को लेकर दिल्ली जल बोर्ड के अभियांत्रिक अनुभाग के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में करावल नगर विधानसभा में पानी की नई पाइप लाइन बिछाने, पेयजल आपूर्ति की अनियमितताओं और प्रदूषित पानी की शिकायतों को दूर करने को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर दिशा निर्देश जारी किए।
बैठक में मंत्री कपिल मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि काली घटा रोड, वेस्ट करावल नगर, सादतपुर, दयालपुर में दूषित पानी की समस्या आ रही है, जिस पर अधिकारियों ने बताया कि काली घटा रोड पर एमसीडी द्वारा डीसिल्टिंग किए जाने की वजह से पानी प्रदूषित हुआ है, समस्या को दुरुस्त किया जा रहा है। वहीँ पाइप लाइन को शिफ्ट करने और उनकी मरम्मत करने का काम भी तेजी से हो रहा है और 10 दिनों के अंदर पाइप लाइन से गंदे पानी आने की समस्या पूरी तरह ख़त्म हो जाएगी। पानी की अबाध आपूर्ति के लिए स्लुइस वाल्व के रेगुलेशन का कार्य भी किया जा रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को बताया की करावल नगर क्षेत्र की आबादी लगभग 5 लाख है और यहाँ पर पानी की मांग लगभग 25 एमजीडी है। मंत्री ने वर्तमान में 5 एमजीडी पानी की आपूर्ति के स्थान पर 8 एमजीडी पानी की आपूर्ति करने की भी बात कही।
कपिल मिश्रा ने अधिकारियों को बताया कि विधानसभा क्षेत्र में भगत सिंह कॉलोनी, अंकुर एन्क्लेव समेत कई ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ जलापूर्ति का संकट है या पानी की गुणवत्ता ख़राब है। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ऐसे इलाके जहाँ सीवेज सिस्टम मौजूद नहीं हैं, वहां नई सीवेज लाइन डालने के कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री कपिल मिश्रा ने सोनिया विहार, श्री राम कालोनी और राजीव नगर में नया सीवेज सिस्टम स्थापित करने के भी निर्देश दिए। ऐसे क्षेत्र जहाँ सीवर लाइन डाली जा चुकी है, लेकिन क्रियाशील नहीं हैं उन्हें भी क्रियाशील करने के निर्देश दिए। खजूरी खास, बिहारीपुर, तुकमीरपुर, दयालपुर, सादतपुर, वेस्ट करावल नगर, एसबीएस कॉलोनी, मुकुंद विहार, प्रकाश विहार, नई सभापुर गुजरान, अंकुर एन्क्लेव, वेस्ट कमल विहार और आसपास के ऐसे गांव जहाँ सीवर लाइन डाली जा चुकी है, लेकिन क्रियाशील नहीं है, उन इलाकों में सीवर लाइन की साफ़ सफाई कर उन्हें तत्काल क्रियाशील करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति और सीवेज सम्बन्धी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जा रहा है। घनी आबादी वाले इन क्षेत्रों का विकास दिल्ली सरकार की प्राथमिकता में है, अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गये हैं कि समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेकर प्राथमिकता के आधार पर विकास सम्बन्धी कार्य कराये जायें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों और इसकी नियमित निगरानी की जाए।
विकास मंत्री कपिल मिश्रा के सरकारी आवास पर हुई इस मीटिंग में दिल्ली जल बोर्ड के चीफ इंजीनियर (पूर्व) दलबीर सिंह समेत इंजीनियरिंग विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
