नई दिल्ली, 04 मई 2026 । भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के मुताबिक दिल्ली-NCR सहित करीब 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और 80 किमी/घंटा तक की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
इन राज्यों में दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। नीचे दी गई इन जगहों पर दिखेगा असर
- उत्तर और मध्य भारत: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड।
- पूर्वी और पहाड़ी क्षेत्र: बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर।
- ·दक्षिण और पूर्वोत्तर: कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, असम और मेघालय।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा। इसका असर उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी हिस्सों तक देखा जा सकता है।
दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर खुले इलाकों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा गया है।
कई राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि मौसम खतरनाक रूप ले सकता है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश नुकसान पहुंचा सकती हैं।
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।
