जहानाबाद , 13 अप्रैल 2026 । बिहार से एक दिल दहला देने वाली घटना , जहानाबाद जिले पुलिस के गश्ती वाहन की चपेट में आने से एक 4 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी बीघा गांव की है। मृतका मूल रूप से गया जिले के अमझर गांव की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। घटना उस समय हुई जब परस बीघा थाना की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोलिंग पर थी। सड़क पार करने के दौरान बच्ची तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची सड़क किनारे खेल रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही पुलिस की गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत इकट्ठा हो गए।
मासूम की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन लापरवाही से चलाया जा रहा था और चालक ने गति पर नियंत्रण नहीं रखा। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब वाहन सरकारी हो और उससे जुड़े लोग कानून के पालन के लिए जिम्मेदार हों। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी को जल्द सजा मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
