दिल्ली की मूल संस्कृति का गौरव लौटाना सरकार की प्राथमिकता – कपिल मिश्रा

Date:

नई दिल्ली, 13 मार्च 2026 । दिल्ली की मूल संस्कृति का गौरव लौटाना सरकार की प्राथमिकता है। दिल्ली में अब लोक संस्कृति और भक्ति के हर आयोजन को पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली अब देश की सांस्कृतिक राजधानी बनने की ओर आगे बढ़ रही है। यह बात माननीय कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने साहित्य कला परिषद के तीन दिवसीय आयोजन ‘भक्ति संगीत’ के शुभारम्भ के अवसर पर कही।

आस्था और अभिव्यक्ति का यह उत्सव कनॉट प्लेस स्थित सेन्ट्रल पार्क में शुक्रवार शाम भक्ति संगीत की सुप्रसिद्ध गायिका अनुराधा पौडवाल के गीतों से शुरू हुआ।

कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विज़न है कि दिल्ली को लाइव इवेंट्स और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाया जाए। इस दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्लीवासियों के सहयोग और आशीर्वाद से पिछले एक वर्ष में दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य में व्यापक परिवर्तन आया है। अब दिल्ली सरकार राजधानी की कला, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नई पहचान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हाल ही में दिल्ली युनिवर्सिटी के विभिन्न कॉलेजों में भजन क्लबिंग के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिन्हें युवाओं से बेहद शानदार प्रतिक्रिया मिली। भगवान सोमनाथ के भक्ति कार्यक्रम के लिए भी कनॉट प्लेस में जल्द ही एक भव्य आयोजन किया जाना है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में कई भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहले जहां लगभग 170 कांवड़ कैंप ही लगाए जाते थे, वहीं इस बार सरकार द्वारा सीधी सहायता की घोषणा के बाद लगभग 400 कांवड़ कैंप लगाए गए, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि इस वर्ष तीज महोत्सव भी बड़े स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 50,000 मातृशक्ति ने भाग लिया। इसी तरह छठ पूजा का ऐतिहासिक आयोजन भी दिल्ली में हुआ, जिसे देश-विदेश में सराहा गया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दीपावली के अवसर पर कर्तव्य पथ पर लगभग डेढ़ लाख दीयों से रोशनी की गई। इसके साथ ही इंडिया गेट पर भव्य ड्रोन शो भी आयोजित किया गया। इस वर्ष दिवाली पर ड्रोन शो को तीन दिनों तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि इसी महीने लाल किला पर भी एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिल्लीवासियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से संस्कृति, परंपरा और आस्था को मजबूत करने का काम करती रहेगी।

कार्यक्रम में भैरव सिंह चौहान एवं अग्निहोत्री बंधुओं ने भी अपनी संगीतमयी प्रस्तुति दी। कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलाकारों और पूरी टीम को बधाई देते हुए उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related