साइकिल चलाने से व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है _ आशीष सूद

Date:

नई दिल्ली । 15 मार्च 2026 । दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने की दिशा में प्रेरित करने के लिए कनॉट प्लेस, ब्लॉक E, नई दिल्ली में “Sunday on Cycle” फिटनेस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।

इस कार्यक्रम का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, राहगिरी फाउंडेशन तथा इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य नियमित शारीरिक गतिविधि के महत्व को बढ़ावा देना तथा साइक्लिंग को फिटनेस और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने का एक सरल एवं प्रभावी माध्यम के रूप में प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि ‘संडेज़ ऑन साइकिल्स’ एक बड़ा जनआंदोलन बन सकता है, जो न केवल लोगों को फिट रहने के लिए प्रेरित करेगा बल्कि शहर को पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी बेहतर बनाएगा।

सूद ने यह भी कहा कि Fit India Movement के अंतर्गत तथा दैनिक जीवन में फिटनेस को शामिल करने के उद्देश्य से केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने 17 दिसंबर 2024 को दिल्ली में फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव का शुभारंभ किया था। यह साइक्लिंग अभियान अब एक नियमित जन-अभियान का रूप ले चुका है, जिसके अंतर्गत पूरे देश में “Sunday on Cycle” का आयोजन किया जा रहा है। अब तक देश भर में 2.5 लाख से अधिक स्थानों पर इसका आयोजन हो चुका है, जिसमें लगभग 27 लाख साइक्लिस्टों की सक्रिय भागीदारी दर्ज की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि इस अभियान का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात के 117वें एपिसोड में भी किया गया था। प्रधानमंत्री जी द्वारा मोटापे के विरुद्ध दिए गए आह्वान के मद्देनज़र यह अत्यंत आवश्यक है कि संतुलित शारीरिक गतिविधि को हमारी दैनिक फिटनेस दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। नियमित व्यायाम और खेलकूद के महत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़े।

उन्होंने बताया कि यह इस पहल का लगभग 68वाँ संस्करण है। यह कार्यक्रम केवल आपकी और हमारी व्यक्तिगत फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली के पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण संदेश है। यदि दिल्ली में हम पेट्रोल वाहन चलाने की जगह साइकिल चलाने की संस्कृति को बढ़ावा देने में सफल होते हैं, तो इससे न केवल दिल्ली का प्रदूषण कम होगा बल्कि शहर के पर्यावरण को सुधारने में बड़ी मदद भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में अधिक से अधिक लोगों को साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए की सायकिल चलाने से शारीरिक व्यायाम भी होता है। सरकार भी इस दिशा में भविष्य में साइकिलिंग के अनुकूल लेन और बुनियादी ढाँचा विकसित करने के प्रयासों पर विचार कर रही है, ताकि लोग सुरक्षित और सहज रूप से साइकिल का उपयोग कर सकें।

इस अवसर पर I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) के प्रतिनिधियों ने भी साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। सूद ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि आजकल साइबर अपराध जिस तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी आम नागरिकों के साथ-साथ बुजुर्गों को भी निशाना बना रहे हैं। ऐसे में लोगों को I4C के पोर्टल और जागरूकता अभियानों को गंभीरता से समझना होगा ताकि आप अपने और अपने परिवार को सायबर अपराध से बचा सकें।


सूद ने कहा कि आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में राहगीरी फाउंडेशन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने फाउंडेशन की संस्थापक सारिका पांडे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह आयोजन और अधिक जीवंत और प्रेरणादायक बना है।

सूद ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘संडेज़ ऑन साइकिल्स’ को अपनी साप्ताहिक दिनचर्या का स्थायी हिस्सा बनाएं और इस पहल को एक बड़े जनआंदोलन में बदलने में सरकार का आगे बढ़ कर सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं और बच्चों की भागीदारी से यह अभियान दिल्ली के पर्यावरण सुधार और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सूद ने अंतिम पंगल, अर्जुन अवार्डी नीलम, गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया मलिक, U 20 वर्ल्ड चैंपियन वीरेंद्र दहिया, हेड कोच, इंडियन वुमन रेसलिंग टीम तथा भारती, कोच, इंडियन वुमन रेसलिंग टीम के प्रतिभागियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related