कर्नाटक, 02 जनवरी 2026 । कर्नाटक के बेल्लारी जिले में राजनीतिक तनाव उस समय हिंसा में बदल गया, जब भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के घायल होने की खबर है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
कर्नाटक के बेल्लारी में वाल्मीकि बैनर फाड़ने को लेकर गुरुवार को भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़ गए। दोनों गुटों में हुई हिंसक झड़प के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
झड़प बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के समर्थकों के बीच बैनर लगाने को लेकर हुई, जो 3 जनवरी को शहर में वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से पहले पोस्टर-बैनर लगा रहे थे।
भरत रेड्डी के समर्थक अवमभावी इलाके में जनार्दन रेड्डी के घर के सामने बैनर लगाने की कोशिश कर रहे थे, जिसका रेड्डी के समर्थकों ने विरोध किया। इससे दोनों गुटों में जमकर बहस हुई।
दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई, पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और हवाई फायर भी किए।
शुक्रवार को पुलिस ने बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी, पूर्व मंत्री श्रीरामुलु, शेखर, अलीखान और सोमशेखर रेड्डी समेत 11 लोगों के खिलाफ ब्रूसपेट थाने में FIR दर्ज कर ली है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया गया। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की दोबारा हिंसा को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
राजनीतिक स्तर पर भी इस घटना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। भाजपा ने कांग्रेस समर्थकों पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए भाजपा पर माहौल खराब करने का दावा किया है। दोनों दलों की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटना राज्य में बढ़ते राजनीतिक ध्रुवीकरण और जमीनी स्तर पर तनाव की गंभीर तस्वीर पेश करती है।
