दिल्ली को सहकारिता का नेशनल हब बनाएगी दिल्ली सरकार – रविन्द्र इन्द्राज सिंह

Date:

  •  नए साल से दिल्ली में खुलेंगे को-ऑपरेटिव स्टोर

नई दिल्ली: 16 दिसम्बर 25 । दिल्ली को सहकारिता का नेशनल हब बनाएंगे। यहाँ देश भर के सहकारिता से जुड़े लोगों और उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा और दिल्ली सरकार इनकी मार्केटिंग के लिए भी प्लेटफार्म उपलब्ध कराएगी। यह बात दिल्ली सरकार के सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने नाबार्ड की ओर से स्टेट एम्पोरिया काम्प्लेक्स में आयोजित सहकार हाट के शुभारम्भ अवसर पर कही। सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारिता आंदोलन भारत के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की रीढ़ है और दिल्ली सरकार इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सहकार से समृद्धि’ संकल्प एक आन्दोलन बना और देश में सहकारिता क्षेत्र मजबूत हुआ। रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहकारिता से जुड़े लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जब किसान, कारीगर और छोटे उद्यमी सशक्त होंगे, तभी देश आत्मनिर्भर बनेगा।

रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ एक बड़ा उपभोक्ता बाजार है। दिल्ली से सहकारिता उत्पादों की प्रभावी मार्केटिंग का लाभ पूरे देश के किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों को मिलेगा।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि दिल्ली की हाउसिंग सोसायटीज में मॉडर्न को-ऑपरेटिव स्टोर खोले जाने की योजना है। आने वाले समय में दिल्ली में कई सहकारिता स्टोर खोले जाएंगे, जहाँ हैंडलूम, हस्तशिल्प, कृषि और ग्रामीण उत्पादों को उचित बाजार मिलेगा।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित करेगी, जहाँ सहकारिता से जुड़े लोग पंजीकरण कर अपने उत्पादों की मार्केटिंग कर सकेंगे। इससे छोटे उद्यमी और वे लोग भी जुड़ पाएंगे, जो अब तक सहकारिता से दूर रहे हैं।


रविन्द्र इन्द्राज ने बताया कि दिल्ली में 2000 से अधिक सोसायटीज हैं, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों में सोसायटीज और बैंक पूरी तरह उपेक्षा का शिकार रहे हैं। सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अब आवश्यक कानूनी संशोधनों पर कार्य किया जा रहा है। बैंकिंग स्ट्रक्चर, क्रेडिट सोसायटी और अन्य सहकारिता संस्थाओं में सुधार के लिए नाबार्ड के साथ लगातार चर्चा चल रही है, ताकि पारदर्शिता और सुविधाएं बढ़ाई जा सके।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकार हाट में देशभर से सहकारिता से जुड़े लोग दिल्ली पहुँचे हैं, जो स्वयं में सहकारिता की शक्ति और व्यापकता को दर्शाता है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नाबार्ड तथा आयोजक टीम का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह मंच किसानों, कारीगरों और सहकारिता से जुड़े उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related