नई दिल्ली, 06 दिसंबर 2025 । विकसित भारत-विकसित दिल्ली का संकल्प पूरा करने के लिए भारत रत्न डॉ. बी आर अंबेडकर जी के सपनों को धरातल पर उतारने का काम दिल्ली में पहली बार व्यापक स्तर पर हो रहा है। एससी/एसटी कल्याण विभाग की एससी बस्ती सुधार योजना के तहत 65.55 करोड़ रुपये के 114 विकास कार्य अब तक स्वीकृत हो चुके हैं साथ ही पूरी दिल्ली में स्लम और JJ कॉलोनियों के सुधार-पुनर्वास के लिए करीब 700 करोड़ रुपए दिल्ली सरकार खर्च कर रही है। यह बात दिल्ली के समाज कल्याण एवं एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शनिवार को डॉ. बी. आर. अम्बेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कही।
रविन्द्र इन्द्राज ने बवाना के राजीव नगर, रोहिणी सेक्टर 20 और अलीपुर रोड स्थित डॉ. अम्बेडकर राष्ट्रीय स्मारक में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को नमन किया। उन्होंने महापरिनिर्वाण दिवस के इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ सिविल लाइंस के ख़ैबर पास चौक पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इसके बाद वार्ड 26 के रोहिणी सेक्टर 20 स्थित रॉयल मार्केट में स्वच्छता अभियान में सहभागिता की एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा गरीब एवं वंचित वर्ग की शिक्षा और बेहतर जीवनस्तर पर जोर दिया। अंत्योदय और विकसित भारत-विकसित दिल्ली संकल्प की दिशा में दिल्ली में पिछली सरकारों में उपेक्षा का शिकार रहे इलाकों में स्वच्छता, फुटपाथ, पेयजल, नाले/सीवरेज, बच्चों के लिए झूले/पार्क जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित हो रही हैं। समाज कल्याण एवं एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण विभाग भी गरीब एवं वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति, हॉस्टल, कोचिंग और स्किल डेवलपमेंट योजनाओं पर काम कर रहा है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा बाबा साहेब के योगदान को राष्ट्र के मार्गदर्शक सूत्र के रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू की। उनके नेतृत्व में बाबा साहेब के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों महू, लंदन का 10, किंग हेनरी रोड, नागपुर की दीक्षाभूमि, मुंबई की चैत्यभूमि और दिल्ली के अलीपुर रोड स्थित परिनिर्वाण स्थल को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। दिल्ली में अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर, नए छात्रावास, कौशल प्रशिक्षण केंद्र, कोचिंग योजनाएँ, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति का बजट दोगुना, मुद्रा एवं स्टैंड-अप योजना से दलित उद्यमिता को प्रोत्साहन और लाखों एससी/एसटी उद्यमियों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराने जैसे कार्य हुए।
रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें समानता, स्वाभिमान, शिक्षा और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर समर्पण की प्रेरणा देता है। दिल्ली सरकार उनके आदर्शों को प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता से करेगी।
