- दिल्ली को बनायेंगे सहकारिता का आदर्श मॉडल
- डीएवी स्कूल वसंत कुंज से शुरू हुई “रन फॉर यूनिटी” में मंत्री ने की सहभागिता
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 25 । राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने वसंत कुंज में रन फॉर यूनिटी में सहभागिता की और सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को नमन किया। श्री रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि सरदार पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और सहकार से समृद्धि के सपने को यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प बनाया और वर्ष 2014 से देश, इस दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत की एकता को मजबूत किया और सहकारिता आंदोलन को भी जनआंदोलन का रूप दिया। उनकी प्रेरणा से ही भारत ने सहयोग, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास की दिशा में कदम बढ़ाए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह किसानों, पिछड़ों और वंचितों को सहकारिता से जोड़कर देश को स्वरोजगार देने और आत्मनिर्भर बनाने के सरदार पटेल जी के सपने को पूरा कर रहे हैं।
रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि सरदार पटेल मानते थे कि देश की सच्ची ताकत गांवों और किसानों में है, और इनकी शक्ति को संगठित करने का सबसे बड़ा माध्यम सहकारिता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सहकारिता की भावना के साथ समाज के हर वर्ग तक विकास पहुँचाने का कार्य कर रही है। किसानों, श्रमिकों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर दिल्ली के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनकी दूरदृष्टि, कड़े निर्णय और संगठन क्षमता ने भारत को अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ ली।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राएँ, सामाजिक संगठन, स्थानीय निवासी, नगर निगम स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य एवं निगम पार्षद जगमोहन महलावत उपस्थित रहे।
