- यह उत्सव दिल्ली के लोगों को नागालैंड की संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का अवसर- तेमजेन इम्ना अलोंग
- दिल्ली में दिखी पूर्वोत्तर भारत की झलक, ‘Autumn Festival 2025’ का हुआ शुभारंभ
नई दिल्ली, 24 अक्तूबर 2025 । दिल्ली सरकार में कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम रोड स्थित नागालैंड हाउस में “Autumn Festival 2025” का शुभारंभ किया। यह आयोजन नागालैंड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किया गया है जिसमें नागालैंड के पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग ने मेजबानी की। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही साथ ही इस अवसर पर अनेक देशों के राजदूत, प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कपिल मिश्रा ने “Artisans’ Corner” और पारंपरिक हस्तशिल्प व व्यंजन के स्टॉल्स का भी उद्घाटन किया, जहाँ नागालैंड के विभिन्न जनजातीय कलाकारों ने अपने हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक वस्त्र और स्वादिष्ट व्यंजन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सबसे पहले मैं अपने मित्र, नागालैंड के पर्यटन मंत्री श्री तेमजेन इम्ना अलोंग जी का हार्दिक धन्यवाद करना चाहता हूँ, जिन्होंने मुझे इस शानदार कार्यक्रम में आमंत्रित किया और दिल्ली सरकार को इस आयोजन से जोड़ा। तेमजेन जी न केवल एक सक्षम राजनेता हैं बल्कि सोशल मीडिया पर भी देशभर में प्रेरणा के रूप में देखे और सुने जाते हैं। मैं उनका, अबू मेथा का और पूरी टीम का इस शानदार आयोजन के लिए आभार व्यक्त करता हूँ।
दिल्ली और नागालैंड का रिश्ता भाईचारे का रिश्ता है—दिल से जुड़ा हुआ रिश्ता। दिल्ली में नागालैंड के बहुत से लोग रहते हैं, और मैं दिल्ली सरकार और दिल्लीवासियों की ओर से यह कहना चाहता हूँ कि यह रिश्ता महाभारत से भी पुराना है और आने वाले युगों तक यूँ ही स्नेह और सम्मान के साथ आगे बढ़ता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि
हॉर्नबिल फेस्टिवल का यह Prelude दिल्ली में आयोजित करना वास्तव में सराहनीय पहल है। पिछली बार मैं इसमें शामिल नहीं हो पाया था, लेकिन इस बार मैंने तेमजेन और अनिल से वादा किया है कि हम सब नागालैंड में होने वाले हॉर्नबिल फेस्टिवल में अवश्य भाग लेंगे।
उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री की ओर से मैं दिल्ली सरकार की शुभकामनाएँ लेकर आया हूँ। इस शानदार आयोजन के लिए नागालैंड सरकार और सभी आयोजकों को हार्दिक बधाई। मेरा सुझाव है कि इस तरह के आयोजन केवल नागालैंड भवन तक सीमित न रहें, बल्कि दिल्ली के प्रमुख स्थानों — जैसे दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर या सेंट्रल पार्क जैसे खुले सांस्कृतिक स्थलों — पर भी आयोजित हों, ताकि अधिक से अधिक लोग नागा संस्कृति का अनुभव कर सकें।
हम दिल्ली पर्यटन विभाग के साथ मिलकर इस दिशा में काम करेंगे, ताकि आने वाले वर्षों में ‘नागा कल्चर फेस्टिवल’ को दिल्ली का एक वार्षिक उत्सव बनाया जा सके। इस दिशा में फरवरी या मार्च से ही योजनाएँ प्रारंभ की जाएंगी।
इस अवसर पर नागालैंड के मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग ने कहा कि यह उत्सव दिल्ली के लोगों को नागालैंड की संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन आगामी 26वें हॉर्नबिल फेस्टिवल (1 से 10 दिसंबर 2025) का अग्रदूत है, जो नागालैंड का सबसे प्रतिष्ठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध सांस्कृतिक पर्व है।
अलोंग ने यह भी घोषणा की कि नागालैंड में पर्यटकों की सुविधा के लिए Inner Line Permit (ILP) प्रक्रिया को और सरल बनाया जा रहा है, साथ ही नई दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी स्थित नागालैंड हाउस में विशेष हेल्पलाइन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में Investment and Development Authority of Nagaland (IDAN) के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार अबू मेथा ने भी भाग लिया। उन्होंने पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में दोनों राज्यों के बीच सहयोग को एक नई दिशा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
दो दिवसीय “Autumn Festival 2025” में आगंतुकों को पारंपरिक संगीत, नृत्य, हस्तकला, वस्त्र, आभूषण और नागालैंड के स्वादिष्ट व्यंजनों का अनुभव मिलेगा। इस उत्सव ने दिल्ली में उत्तर-पूर्व भारत की सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया, जिससे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना और प्रगाढ़ हुई।
