- समाज कल्याण मंत्री ने छह गांवों में हाई मास्ट लाइटों का किया लोकार्पण
- ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों को भी मिलेगा प्रैक्टिस में लाभ
- विधायक निधि से की गई स्थापना, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
नई दिल्ली,24 अक्टूबर 2025 । दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने पंजाबखोर, जटखोर, कुतुबगढ़, बाजितपुर ठाकरान, नांगल ठाकरान और दरियापुर गांवों में विधायक निधि से स्थापित हाई मास्ट लाइटों का स्थानीय निवासियों के साथ लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न सिर्फ विकास की दिशा में एक कदम है बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता सुधारने का भी प्रयास है। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन गांवों में लंबे समय से अंधेरा छाया रहता था, जिससे शाम के समय आवागमन में कठिनाई होती थी। अब हाई मास्ट लाइटों के लगने से न केवल मुख्य चौक-चौराहे रोशन होंगे, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय मैदानों में अंधेरा दूर होने से रात्रिकालीन प्रैक्टिस में खिलाड़ियों को भी लाभ मिलेगा।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और समाज की अंतिम पंक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने कहा कि गांवों में लगातार सड़कों, स्ट्रीट लाइटों, पार्कों और सामुदायिक भवनों का विकास कार्य किया जाएगा।

रविन्द्र इन्द्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार गांवों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण विकास के बिना विकसित दिल्ली लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। विकसित गाँव ही विकसित दिल्ली की ताकत बनेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जिन गांवों में हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं, वहां नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग को दी गई है ताकि यह व्यवस्था लंबे समय तक सुचारू रूप से चले।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांवों की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में सक्रिय सहयोग दें ताकि गांव न केवल रोशन हों बल्कि स्वच्छ और सुंदर भी बनें।
