भारत की गौरवशाली कहानियों को कंटेंट के रूप में दुनिया तक पहुंचाया जाये – कपिल मिश्रा

Date:

  •  दिल्ली सचिवालय में ‘कुरुक्षेत्र’ एनिमेटेड सीरीज़ की स्पेशल स्क्रीनिंग का हुआ आयोजन*
  •  कहा कि AVCG (Animation, Visual Effects, Comics & Gaming) सेक्टर में दिल्ली को ‘ग्लोबल कॉन्टेंट हब’ के रूप में किया जा रहा है विकसित

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर 2025 । दिल्ली सचिवालय में OTT प्लेटफ़ॉर्म ‘नेटफ्लिक्स’ पर रिलीज़ होने जा रही एनिमेटेड सीरीज़ ‘कुरुक्षेत्र’ की स्पेशल स्क्रीनिंग का आज आयोजन किया गया। इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पर्यटन सचिव एवं डीटीटीडीसी की प्रबंध निदेशक निहारिका राय और नेटफ्लिक्स की पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर महिमा कौल भी इस स्क्रीनिंग कार्यक्रम में मौजूद रहीं। देश की ऐतिहासिक विरासत पर आधारित ‘कुरुक्षेत्र’ एनिमेटेड सीरीज़ के प्रचार प्रसार में दिल्ली सरकार का पर्यटन विभाग भी अहम् रोल अदा कर रहा है। स्क्रीनिंग में दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स के छात्र-छात्राओं सहित दिल्ली सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

इस मौके पर मंत्री कपिल मिश्रा ने ‘कुरुक्षेत्र’ एनिमेटेड सीरीज़ की सराहना करते हुए कहा कि यह सीरीज़ गीता, कुरुक्षेत्र और महाभारत जैसे आस्था और इतिहास से जुड़े गहन विषयों के साथ पूर्ण न्याय करती है। उन्होंने कहा कि इस एनिमेटेड सीरीज़ में विषय को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने नेटफ्लिक्स और दिल्ली पर्यटन विभाग की पूरी टीम को इस सार्थक प्रयास के लिए बधाई दी।

अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि कला और संस्कृति के नाम पर वर्षों से प्रस्तुत किए जा रहे सीमित दृष्टिकोण से आगे बढ़ा जाए और भारत की वास्तविक संस्कृति, परंपरा और वीरता की गाथाओं को जनता के सामने लाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सूत्रवाक्य “विकास भी, विरासत भी” इस दिशा में हमारा मार्गदर्शन करता है। दिल्ली सरकार आगे आने वाले वर्षों में दिल्ली को AVCG (Animation, Visual Effects, Comics & Gaming) का कोर सेक्टर बनाकर ‘ग्लोबल कॉन्टेंट हब’ के रूप में विकसित करेगी।

कपिल मिश्रा ने विशेष जोर देते हुए सभी कॉन्टेंट राइटर्स, फिल्म निर्माताओं और क्रिएटर्स से आह्वान किया कि वे ऐसा कंटेंट लेकर आएं जो राष्ट्र निर्माण में सहायक हो ताकि भारत की गौरवशाली कहानियों को दुनिया तक पहुंचाया जा सके।

इस मौके पर नेटफ्लिक्स इंडिया की पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर सुश्री महिमा कौल ने कहा कि ‘कुरुक्षेत्र’ नेटफ्लिक्स की पहली पौराणिक एनिमेटेड श्रृंखला है जिसे विभिन्न पीढ़ियों को एक साथ जोड़ने के लिए बनाया गया है। यह उन लोगों के लिए भी प्रासंगिक है जो दूरदर्शन पर महाभारत देखते हुए बड़े हुए हैं और हमारी कोशिश है कि इसे नूतन और नवाचारी शैली में युवा दर्शकों के साथ साझा किया जाए। सरकार के ‘मेक इन इंडिया, फॉर द वर्ल्ड’ विज़न के अनुरूप, हमारा उद्देश्य ऐसी कहानियाँ प्रस्तुत करना है जो भारत की संस्कृति में गहराई से जुडी हों और ‘कुरुक्षेत्र’ इसी भावना को प्रतिबिंबित करती है। यह श्रृंखला कई भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी, 34 भाषाओं में सबटाइटल्स के साथ आएगी और हिंदी ऑडियो डिस्क्रिप्शन के माध्यम से समावेशी बनाई गई है जिससे यह महागाथा दुनिया भर के दर्शकों द्वारा अनुभव की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related