- कहा कि स्वच्छता ही प्रधानमंत्री मोदी जी के विकसित दिल्ली के सपने की नींव है।
नई दिल्ली 23 सितम्बर 25 । मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजा गार्डन रिंग रोड चौक पर बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। यह अभियान सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) के दौरान आयोजित किया गया। सेवा पखवाड़ा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सार्वजनिक कल्याण कार्यों और योजनाओं की शुरुआत के साथ मनाने के लिए चलाया जा रहा है।

मंत्री ने स्थानीय नागरिकों, आरडब्ल्यूए और सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर झाड़ू लगाई और कचरा उठाया ताकि रिंग रोड की सूरत साफ-सुथरी और बेहतर दिखे।
सिरसा ने कहा, “आज पूरी दिल्ली के लोग सफाई के लिए सड़कों पर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन और सेवा पखवाड़ा की भावना के साथ हम रिंग रोड को साफ कर रहे हैं। हर विधायक, मंत्री और खुद मुख्यमंत्री झाड़ू लेकर सेवा में जुटे हैं, ताकि हमारी राजधानी चमक सके।”
यह मेगा स्वच्छता अभियान रिंग रोड के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ चलाया गया, जिसमें मंत्री, विधायक, पार्षद और एमसीडी कमिश्नर शामिल हुए।
सिरसा ने कहा, “स्वच्छता ही पीएम मोदी जी के विकसित दिल्ली के सपने की नींव है। जब दिल्ली की सड़कें साफ होंगी, लोग स्वस्थ और सुरक्षित रहेंगे, तभी दिल्ली विकसित होगी। हमने संकल्प लिया है कि इस दिशा में तब तक काम करेंगे जब तक लक्ष्य पूरा न हो जाए।”

इस दौरान मंत्री ने स्थानीय निवासियों और यात्रियों से मुलाकात कर कचरा संग्रहण की समयबद्धता और मुख्य सड़कों पर धूल कम करने जैसे मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और मार्केट एसोसिएशनों के साथ मिलकर इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “यह असली जनसेवा है—नागरिक और सरकार कंधे से कंधा मिलाकर काम करें। हमारा लक्ष्य है कि रिंग रोड हर दिन साफ रहे, सिर्फ विशेष अभियानों के समय ही नहीं।”
अंत में सिरसा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद देते हुए कहा कि जीएसटी 2.0 सुधार मध्यम वर्ग के लिए त्योहारों पर बड़ा तोहफ़ा हैं। “कल से हर तरफ इसकी सराहना हो रही है। यह ऐतिहासिक सुधार मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ाएंगे, मांग को बढ़ावा देंगे और जीडीपी को मज़बूती देंगे।”
