- सीएम ने कालकाजी में जन सेवा केंद्र का किया उद्घाटन
नई दिल्ली । 3 अगस्त 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र के डीडीए फ्लैट्स, राजीव गांधी पार्क स्थित सामुदायिक केंद्र में जन सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी सरकार दिल्ली के विकास के लिए समर्पित है और विकास कार्यों में कोई अवरोध न आए इसके लिए दिल्ली सरकार फंड की कोई कमी नहीं होने देगी। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा रॉय सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह मंच नारीशक्ति को प्रणाम करता है। जब विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री – तीनों महिलाएं हों, तो यह नारीशक्ति की मजबूत भूमिका का प्रतीक है। उन्होंने शिखा रॉय के जनता के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे पिछले 30 वर्षों से निरंतर सेवा भाव से काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जनता की एकता और मतदान की ताकत को नमन करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली ट्रिपल इंजन की सरकार चुनकर यह सिद्ध कर दिया है कि जब विकास की सोच और जनकल्याण की नीयत मजबूत हो तो परिवर्तन निश्चित होता है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 महीनों में दिल्ली की सूरत बदलनी शुरू हो गई है— सीवेज, नाली, जल निकासी, सड़कें, प्रदूषण नियंत्रण और सार्वजनिक सेवाओं के हर क्षेत्र में तेज़ी से कार्य हो रहे हैं और इन कार्यों के सकारात्मक परिणाम जगजाहिर हैं।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में 24×7 बाज़ार खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। अब व्यापारी वर्ग को लाइसेंस के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। एकल विंडो प्रणाली के तहत काम तेज़ी से होगा। सरकार दिल्ली की जनता के छोटे-छोटे सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है, फिर चाहे वह नाली की सफाई हो, गली की सड़क हो या जल निकासी की समस्या। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजधानी में काम करने के लिए जिस किसी काम के लिए भी बजट की ज़रूरत पड़ेगी, राज्य सरकार तत्परता से सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, और जनता को धन्यवाद देते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाएंगे।
