•विकसित भारत का संकल्प, विकसित दिल्ली और विकसित हरियाणा मिलकर करेंगे साकार
नई दिल्ली /जुलाना 19 जुलाई 25 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने 51 वें जन्मदिन के अवसर पर हरियाणा के जींद जिले के जुलाना स्थित नंदगढ़ गांव में पहुंची । दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी जन्मभूमि हरियाणा जाने का उनके लिए ये पहला मौका रहा।
इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी दिल्ली सीएम के साथ उनके गांव नंदगढ़ आए । एक साथ दो-दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के इस नंदगढ़ गांव में पहुंचने से पूरे क्षेत्र में जर्बदस्त उर्जा का माहौल रहा
सीएम के गांव नंदगढ में सीएम रेखा गुप्ता जी के पैतृक घर जाने से पहले, रेखा गुप्ता जी का अभिनंदन भव्य समारोह में गांव के खेल परिसर में संपन्न हुआ ।

इस समारोह में, गांव के अपने लोगों के बीच पहुंचने और इतना स्नेह भरा स्वागत पाकर दिल्ली सीएम भावुक भी हो गईं ।
उन्होंने लोगो को बताया कि वो जींद स्थित जुलाना कस्बे तो पहले भी कई बार आईं थीं लेकिन आज 48 साल बाद अपने गांव नंदगढ़ आईं हैं ।
जन्मदिन के अवसर पर गांव में उनका आना अपनी जड़ों से जुड़े रहने की कोशिश है । इस दिन का ऐसा सदुपयोग करने का सुझाव देने से लेकर उस विचार को साकार बनाने के लिए उन्होंने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को धन्यवाद दिया ।
उन्होंने कहा कि सीएम के रुप में अपने गांव आना मेरे जीवन का अविस्मरणीय अवसर है । यहां आकर, आपका स्नेह पाकर, मेरी खुशी की कोई सीमा नहीं है । अपने गांव और परिजनों के स्नेह ने मुझे और अच्छा काम करने की प्रेरणा और उर्जा दी है ।

भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का संकल्प साकार करने में दिल्ली और हरियाणा दोनों राज्यों की भूमिका है, दोनों को मिलकर अपनी भूमिका निभानी होगी ।
मैं भरोसा देती हूं कि मेरी कर्मभूमि दिल्ली के साथ साथ मेरी जन्मभूमि हरियाणा के प्रति भी मैं सेवा का अपना कर्तव्य निभाऊंगी ।
दिल्ली के मुख्यमंत्री जैसा महत्वपूर्ण दायित्व देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा – ये अवसर केवल मेरे लिए ही नहीं मेरे गांव की हर महिला, हर बेटी के लिए प्रेरणा बना है, उन्हें आज लगा है कि बेटियों को मौका मिले तो वो कोई भी जिम्मेदारी निभा सकती हैं ।
इसी अभिनंदन कार्यक्रम में, हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की बेटी और दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता जी को जन्मदिन के उपहार के साथ ही, सावन की कोथली भेंट की और साथ ही उन्होंने उपहार में सीएम के गांव नंदगढ़ और इस जुलाना विधानसभा क्षेत्र को 16 करोड़ 80 लाख रुपये की 8 परियोजनाओं की सौगात देकर इस मौके को खास बना दिया।
जिसके लिए सीएम रेखा गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री जी को विशेष तौर पर धन्यवाद दिया ।
सीएम सैनी ने कहा कि बेटियों का सम्मान हरियाणा की परंपरा है और हरियाणा वाले अपनी बेटियों के मान-सम्मान को अपने सर माथे पर रखते हैं ।
हरियाणा की बेटी, रेखा जी का जीवन प्रेरणादायक है, वे एक साधारण से परिवार में जन्म लेकर एक विचार से साथ जुड़कर, खूब संघर्ष करके मुख्यमंत्री के दायित्व तक पहुंची हैं । ये इस बात का प्रतीक है कि जो भी व्यक्ति खूब परिश्रम करता है उसके लिए कोई लक्ष्य असंभव नहीं ।
हरियाणा के ग्रामीण परिवेश से निकली, सीएम रेखा जी आज भी केवल परिश्रम ही नहीं करती, बल्कि अपने प्रदेश की जनता के लिए सहज उपलब्ध होती है । पिछले 5 महीने के कार्यकाल में उनके विचारों में स्पष्टता, और जनसेवा की भावना के साथ उनके निर्णयों में दृढ़ता भी नज़र आई है ।
दोनों मुख्यमंत्रियों की एक झलक पाने और उनके स्वागत के लिए गांव पहुंचने से पहले ही सड़क के किनारे लोगों का हुजूम जुटने लगा था ।
गांव भर के लोग अपने घरों से निकलकर गलियों में, छतों पर खड़े हो गए । लोग सीएम रेखा गुप्ता से हाथ मिलाने के लिए उत्सुक दिखे ।
गांव में अपने पैतृक घर पहुंचने पर गांव और परिवार की महिलाओं ने लोकगीत गाकर, आरती उताकर अपनी सीएम बेटी का स्वागत किया ।
सावन में तीज का उत्सव मनाने के लिए अपनी सीएम बेटी को उन्होंने झूला भी झुलाया और घेवर से मुंह भी मीठा कराया। गांव के लोग, विशेषकर महिलाएं और बेटियां इस मौके पर बेहद खुश दिखीं, उनका कहना था कि इस गांव से निकल एक बेटी का सीएम बनना उनके लिए बेहद प्रेरणा दायक है ।

अपने गृह क्षेत्र में जन्मदिन के कार्यक्रमों की शुरुआत में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के साथ, जुलाना में अग्रसेन धर्मशाला का उद्घाटन किया । साथ ही उन्होंने पर्यावरण हित में आरंभ किये गए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के अभियान एक पेड़ मां के नाम के तहत अग्रसेन धर्मशाला के प्रांगण में ही पौधारोपण किया तथा सभी लोगों पौधे लगाने और उनकी रक्षा करने के लिए प्रेरित भी किया ।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के गृहक्षेत्र जुलाना और उनके गांव नंदगढ़ में हुए विभिन्न कार्यक्रमों में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष, डॉ. कृष्ण लाल मिढा, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, कई विधायक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।
