•सीएम ने आयोजकों को सिंगल विंडों से अनुमति देने का किया वादा
•आयोजकों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की विशेष बैठक
नई दिल्ली । 12 जुलाई 2025 । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में रामलीला का मंचन करने वाले आयोजको को भरोसा दिलाया है कि उनकी सरकार लीला मंचन में किसी प्रकार की समस्या नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास होगा कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से आयोजकों को लीला मंचन की अनुमति दी जाए। मुख्यमंत्री ने आज दिल्ली सचिवालय में केबिनेट मंत्री आशीष सूद और कपिल मिश्रा के साथ रामलीला मंचन के आयोजकों से एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में रामलीला मंचन को अनुमति देने वाले विभिन्न विभागों के आला अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक के बाद रामलीला मंचन के आयोजकों ने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
इस बैठक में रामलीला मंचन के आयोजकों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि उन्हें मंचन के लिए विभिन्न विभागों से एनओसी लेना पड़ता है। इसके लिए उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कभी उन्हें डीडीए से परेशानी का सामना करना पड़ता है तो कभी नगर निगम के बागवानी विभाग उन्हें एनओसी देने में देरी लगाता है। उन्होंने कई और समस्याएं भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं और उनका हल करने का निवेदन किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार दिल्ली सरकार रामलीला स्थलों पर एक एंबुलेंस भी नियुक्त करे ताकि इमरजेंसी के दौरान उसकी सेवाएं ली जा सके। इसी दौरान अनेक आयोजकों ने मुख्यमंत्री को अपनी लीला में आने का निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक में रामलीला की परंपरा को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम सत्य, धर्म, त्याग और कर्तव्य के प्रतीक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रामलीला मंचन केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकमानस में नैतिक मूल्यों को जागृत करने का माध्यम है। उन्होंने आयोजकों को आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार इस सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विस्तार के लिए हर संभव सहयोग करती रहेगी। उन्होंने रामलीला को युवा पीढ़ी से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने आयोजकों के उत्साह की सराहना की और उन्हें आश्वस्त किया कि जिस कार्यप्रणाली और पारदर्शिता के साथ कांवड़ शिविरों की व्यवस्था की गई है, ठीक उसी प्रकार रामलीला आयोजनों के लिए भी सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी। उन्होंने आयोजकों से वादा किया कि सरकार सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से आयोजकों को रामलीला मंचन की अनुमति देने का पूरा प्रयास करेगी। उन्होंने बैठक में ही कई अफसरों से रामलीला आयोजकों की समस्याओं पर बात की।
अधिकारियों का कहना था कि इस बार अनुमति में समस्या नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि न तो किसी राम भक्त को परेशानी हो, न ही किसी शिव भक्त को। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि यह पूरा उत्सव काल बिना किसी बाधा, पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हो। यह हमारी प्रतिबद्धता है, और हम हर स्तर पर इसका पालन सुनिश्चित करेंगे। बैठक के बाद आयोजकों ने सीएम का आभार जताया और उन्हें अपनी लीला मंचन में आने का निमंत्रण भी दिया।
