नई दिल्ली । 28 जून 25 । दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गीता कॉलोनी के 21 वर्षीय युवक यश की हत्या पर शोक व्यक्त किया है और दिल्ली पुलिस से आग्रह किया है कि इस मामले की तेजी से जांच की जाए ताकि हत्या के वास्तविक कारण का पता चल सके।
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कुछ समय पूर्व स्थानीय विधायक डॉ. अनिल गोयल के साथ रानी गार्डन स्थित मृतक के परिजनों के घर जाकर शोक संतप्त माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
हर्ष मल्होत्रा ने परिजनों को आश्वस्त किया कि दिल्ली पुलिस इस मामले की पूरी गहनता से जांच करेगी और एक मजबूत एवं पुख्ता केस तैयार किया जाएगा और आरोपियों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जायेगा I उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली सरकार की ओर से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए सर्वोत्तम विधिक सहायता प्रदान की जाएगी।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पूर्वी दिल्ली भाजपा परिवार के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए परिवार स्थानीय विधायक डॉ. अनिल गोयल या जिला अध्यक्ष दीपक गाबा से संपर्क कर सकता है।
