- दिल्ली हाट में “ऑपरेशन सिन्दूर” इंस्टालेशन का भव्य शुभारंभ
नई दिल्ली: 28 मई 2025। आज दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा दिल्ली हाट में “ऑपरेशन सिन्दूर” से संबंधित एक विशेष इंस्टालेशन का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रधान मंत्री द्वारा ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर दिए गए ओजस्वी संदेश से हुई। अपने संदेश में प्रधान मंत्री ने आतंकवाद के विरुद्ध देश की एकजुटता, सेना के पराक्रम और पाकिस्तान को करारा जवाब देने की संकल्पशक्ति का उल्लेख किया।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली हाट न केवल राजधानी का सांस्कृतिक केंद्र है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों का प्रिय स्थल भी है। “ऑपरेशन सिन्दूर” इंस्टालेशन भारतीय सेना की वीरता और त्याग को श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है। यह इंस्टालेशन देशवासियों और विदेशी पर्यटकों को भारतीय सेना के अद्भुत साहस और शौर्य की याद दिलाएगा।
इंस्टालेशन में प्रतीकात्मक सिन्दूर भी रखा गया है, जिसे पर्यटक तिलक के रूप में प्रयोग कर सेना को सम्मान दे सकेंगे। मंत्री जी ने बताया कि यह इंस्टालेशन दर्शाता है कि किस प्रकार भारतीय सेना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। यह विश्व इतिहास में पहली बार हुआ जब किसी एटॉमिक पॉवर के एयरबेस पर इतनी साहसिक कार्रवाई की गई।
इस पहल के अंतर्गत दिल्ली के अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार की इंस्टालेशन लगाई जाएँगी। दिल्ली हाट से इसकी शुरुआत की गई है और आने वाले 15 दिनों तक यह इंस्टालेशन यहाँ प्रदर्शित की जाएगी।
यह आयोजन न केवल भारतीय सेना के पराक्रम का सम्मान है, बल्कि देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने का एक प्रयास भी है। दिल्ली सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।