नई दिल्ली , 19 मार्च 2026 । एक्शन और ड्रामा से भरपूर धुरंधर- 2 दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है, और इसकी सबसे बड़ी वजह हैं रणवीर सिंह, जिन्होंने एक बार फिर अपने शानदार अभिनय से फिल्म को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ यानी धुरंधर 2 पहले पार्ट की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद बड़े स्केल पर लौटी है। इस बार फिल्म सिर्फ गैंगवार या बदले की कहानी नहीं रहती, बल्कि नोटबंदी से लेकर देश की कई बड़ी घटनाओं को जोड़ते हुए एक बड़ा नैरेटिव पेश करती है। उम्मीदें जितनी ऊंची थीं, फिल्म कई जगह उन्हें पूरा करती है, तो कुछ जगह थोड़ा चूक भी जाती है।
फिल्म की कहानी तेज रफ्तार और रोमांच से भरपूर है, जिसमें सस्पेंस और एक्शन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है। डायरेक्शन कसा हुआ है और स्क्रीनप्ले दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है। हालांकि कुछ जगहों पर कहानी थोड़ी प्रेडिक्टेबल लग सकती है, लेकिन रणवीर का अभिनय इन कमियों को काफी हद तक ढक देता है।
Ranveer Singh ने अपने किरदार में जबरदस्त ऊर्जा, इमोशन और इंटेंसिटी दिखाई है। एक्शन सीक्वेंस में उनकी मेहनत साफ नजर आती है, वहीं इमोशनल सीन में भी उन्होंने गहराई से अभिनय किया है।
फिल्म की कहानी कहानी जसकीरत सिंह रांगी के अतीत से शुरू होती है, जो अपने परिवार के साथ हुए अन्याय के बाद अपराध की दुनिया में कदम रखता है। जेल से निकलकर वह भारत के लिए काम करने का मौका पाता है और पाकिस्तान में हमजा अली मजारी बनकर अंडरकवर मिशन पर जाता है।
पहले पार्ट के बाद अब कहानी ल्यारी की सत्ता और गैंगवार के इर्द-गिर्द घूमती है। रहमान डकैत (अक्षय खन्ना के किरदार) की मौत के बाद खाली हुई गद्दी पर कब्जा, दुश्मनों का सफाया और अपने असली मिशन तक पहुंचना यही फिल्म का मूल है।
इस बार कहानी में नोटबंदी, अतीक अहमद जैसे मुद्दों के संदर्भ और देश-विदेश की राजनीतिक कड़ियों को जोड़ा गया है। सबसे बड़ा सस्पेंस बड़े साहब का है, जिसके इर्द-गिर्द पूरी कहानी घूमती है। हालांकि यह खुलासा जितना बड़ा बनाया गया, उतना प्रभाव छोड़ नहीं पाता। फिल्म का फर्स्ट हाफ थोड़ा धीमा और खिंचा हुआ लगता है, लेकिन इंटरवल के बाद कहानी पकड़ बनाती है और क्लाइमैक्स तक आते-आते असर छोड़ती है।
फिल्म का म्यूजिक और बैकग्राउंड स्कोर भी कहानी को सपोर्ट करता है। सिनेमैटोग्राफी और लोकेशंस फिल्म को विजुअली आकर्षक बनाते हैं। कुल मिलाकर यह फिल्म एक कमर्शियल एंटरटेनर के रूप में दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरती है।
अगर आप एक्शन और ड्रामा से भरपूर फिल्म देखना पसंद करते हैं, तो Dhurandhar 2 आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।
