सोना ₹1,029 बढ़कर ₹1.11 लाख के ऑल टाइम हाई पर

Date:

नई दिल्ली, 16 सितम्बर 2025 : भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने ने एक नया इतिहास रच दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती और घरेलू मांग में वृद्धि के चलते सोना ₹1,029 की बढ़त के साथ ₹1,11,000 प्रति 10 ग्राम के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया। यह अब तक का सबसे ऊँचा स्तर है, जिसने निवेशकों और आम उपभोक्ताओं दोनों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

सोने-चांदी के दाम आज यानी 16 सितंबर को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,029 रुपए बढ़कर 1,10,540 पर पहुंच गया है। इससे पहले कल ये 1,09,511 रुपए पर था। वहीं चांदी भी 1,198 रुपए बढ़कर 1,28,989 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले चांदी 1,27,791 रुपए पर थी।

इस साल सोना ₹34,378 और चांदी ₹42,972 महंगी हुई

  • इस साल अब तक सोने की कीमत 34,378 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,10,540 रुपए का हो गया है।
  • चांदी का भाव भी इस दौरान 42,972 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,28,989 रुपए प्रति किलो हो गई है।

सोने की कीमतों में तेजी के 5 कारण

  • वैश्विक अनिश्चितता: ट्रम्प के टैरिफ प्लान और व्यापार युद्ध के डर से निवेशक सोने को सुरक्षित मानकर खरीद रहे हैं।
  • केंद्रीय बैंकों की खरीद: चीन और रूस जैसे देश बड़ी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जिससे मांग बढ़ी है।
  • युद्ध और तनाव: रूस-यूक्रेन के युद्ध खत्म न होने से अस्थिरता से लोग सोने में निवेश बढ़ा रहे हैं।
  • महंगाई और कम ब्याज दरें: मुद्रास्फीति के डर और फेडरल रिजर्व की कम ब्याज दरों से सोना आकर्षक हो गया है।
  • डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट: डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट के चलते भी सोना महंगा हो रहा है।

सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें : हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।

ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

2. कीमत क्रॉस चेक करें : सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्‍योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related