- कहा कि पिछली सरकारें आस्था और परंपराओं के विरोध में दिखाई देती थी
- कपिल मिश्रा ने मनाई श्रमिकों के साथ दीपावली – दिल्ली सरकार के श्रम मंत्रालय के इतिहास में पहली बार इस तरह का आयोजन
नई दिल्ली, 19 अक्तूबर 2025 । दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने नेताजी नगर स्थित एन.बी.सी.सी. निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिक भाइयों-बहनों और उनके परिवारों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का नहीं बल्कि श्रम, समानता और सम्मान का पर्व है।
मंत्री कपिल मिश्रा ने आगे कि हमने यह निर्णय लिया कि दीपावली का पर्व हमें अपने श्रमिक भाई-बहनों के साथ मनाना चाहिए। बहुत से श्रमिक अपने गाँव चले गए हैं, पर अनेक अभी दिल्ली में ही हैं। आज सुबह से हम यहाँ उनके परिवारों और बच्चों के साथ दीपावली मना रहे हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि इस प्रकार का आयोजन दिल्ली सरकार के श्रम मंत्रालय के इतिहास में पहली बार किया गया है। अब इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से बड़े स्तर पर आयोजित किए जाएंगे ताकि श्रमिक वर्ग समाज के केंद्र में सम्मानपूर्वक जुड़ा रहे।
मंत्री ने आगे कि कई वर्षों तक दिल्ली में आस्था और उत्सवों पर तरह-तरह की रोक लगाई जाती रही — दीपावली पर पटाखों पर प्रतिबंध, छठ पूजा पर यमुना किनारे पूजा करने तक की मनाही। पिछली सरकारें आस्था और परंपराओं के विरोध में दिखाई देती थीं।
उन्होंने कहा कि अब सरकार बदल चुकी है, और नई सरकार ने न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया। न्यायालय ने इस बार ग्रीन पटाखों की अनुमति दी है।
कपिल मिश्रा ने यह भी कहा कि दिल्लीवासी इस बार अनुशासन और पर्यावरण के संतुलन के साथ दीपावली मनाएंगे। जैसे पूरा देश और दुनिया दीपावली मनाती है, वैसे ही अब दिल्लीवासियों को भी दीपावली मनाने का अधिकार मिला है। अब दिल्ली में आस्था और उत्सव पर रोक नहीं, बल्कि सम्मान और प्रोत्साहन की नीति चलेगी।
अंत में कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार श्रमिक वर्ग को सम्मानजनक जीवन और समान अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ, हरित और सामूहिक भावना के साथ दीपावली मनाएँ।
