- परंपरा, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का संगम होगा
- सीएम वर्षों से इस तरह के अपनत्व भरे विशेष आयोजन करती रहीं हैं
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जनसेवा सदन’ में सामूहिक रूप से करवाचौथ पर्व मनाएंगी। यह उनके मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए पहला अवसर है, जो विशेष होगा। मुख्यमंत्री का कहना है कि इस पर्व को लेकर वह उत्सुक और भावनाओं से ओतप्रोत हैं। क्योंकि यह पर्व भारतीय महिलाओं के जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जो पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और वैवाहिक बंधन की पवित्रता का प्रतीक माना जाता है।

मुख्यमंत्री के इस विशेष आयोजन में विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाएं, महिला विधायक, सांसदों की पत्नियां, महिला अधिकारी और परिवार की महिलाएं शामिल होंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि पिछले लगभग 15 वर्षों से वह अपने क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर इस पर्व का आयोजन करती रही हैं। इस आयोजन में महिलाओं की सहभागिता अत्यधिक रही है, जो केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के बीच आपसी स्नेह, सहयोग और सामाजिक जुड़ाव का अवसर भी बनता है। इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं के सामूहिक सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार उनके लिए यह विशेष अवसर है कि इस बार उनके द्वारा मनाए जा रहे करवाचौथ के पर्व में पूरी दिल्ली की महिलाएं प्रतिनिधित्व करेंगी।


मुख्यमंत्री का कहना है कि मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में आयोजित यह सामूहिक करवाचौथ अपने-आप में अद्वितीय बनेगा। इस अवसर पर मुख्य आकर्षण न केवल पारंपरिक व्रत और पूजन होगा, बल्कि महिलाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कथा वाचन और पारंपरिक गीतों के माध्यम से परंपरा से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन में अपनापन, गरिमा और सौहार्द की विशेष झलक देखने को मिलेगी। यह कार्यक्रम महिलाओं के बीच आपसी स्नेह और समुदाय की भावना को मजबूती देने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि करवाचौथ केवल व्यक्तिगत श्रद्धा का पर्व नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा और महिलाओं के सामूहिक उत्साह का प्रतीक भी है। सामूहिक आयोजन के माध्यम से यह संदेश जाता है कि परंपरा और आधुनिक जीवन के बीच संतुलन बनाकर समाज में गरिमा, सम्मान और अपनापन बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस विशेष आयोजन में शामिल महिलाओं को न केवल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अनुभव मिलेगा, बल्कि यह उनके लिए सामाजिक जुड़ाव, स्नेह और सम्मान का भी अवसर साबित होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का यह कदम दिल्ली में करवाचौथ पर्व की गरिमा और महत्व को और बढ़ाने वाला है।
