- श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज में FLO Job Fair 2025 – दिल्ली एडिशन का भव्य शुभारंभ
- पिछली सरकार की गलत नीतियों की वजह से दिल्ली के युवाओं को गुरुग्राम और नोएडा नौकरी के लिए जाना पड़ रहा है
नई दिल्ली । 23 अगस्त, 2025 । फिक्की लेडीज़ ऑर्गेनाइज़ेशन (FLO) द्वारा आयोजित FLO Job Fair 2025 –दिल्ली एडिशन का भव्य शुभारंभ श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, दिल्ली में हुआ। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित युवाओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में कपिल मिश्रा ने इस पहल को दिल्ली के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत शानदार प्रयोग और पहल है, जिसका दिल्ली में आयोजन होना ही चाहिए था। उन्होंने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेलों से युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुलेंगे।

कपिल मिश्रा ने दिल्ली में रोजगार की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा पिछली सरकार की गलत नीतियों की वजह से दस सालों में हालत यह हो गई है कि नौकरी के लिए दिल्ली के युवाओं को गुरुग्राम और नोएडा जाना पड़ रहा है। हम चाहते हैं कि दिल्ली का युवा अपने ही शहर में काम करे और अपने ही शहर में उसे रोज़गार मिले ना कि उसे गुरुग्राम और नोएडा जाना पड़े। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारा यही संकल्प है कि दिल्ली के युवाओं को नई स्किल और शिक्षा देकर अच्छे रोज़गार के मौके दिए जाएँ और दिल्ली उद्योग और स्टार्टअप्स की पहचान के तौर पर विकसित हो।
कपिल मिश्रा ने यह भी कहा कि पहले दिल्ली रोज़गार हब हुआ करती थी लेकिन पिछले कुछ सालों में दिल्ली की इंडस्ट्री कमजोर हुई है, नए अवसर बंद हो गए हैं और यह युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बन गई है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर रोजगार और इंडस्ट्री को पुनर्जीवित करने के लिए ठोस एक्शन प्लान पर काम कर रही है। उद्देश्य यह है कि युवाओं को बेहतर अवसर, बेहतर ट्रेनिंग और बेहतर स्किल्स प्रदान किए जा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री लगातार युवाओं को प्रोत्साहित करते हैं और आने वाले समय में दिल्ली में रोजगार के परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव अवश्य होगा।

कपिल मिश्रा ने यह भी बताया कि सरकार विशेष रूप से पॉल्यूशन-फ्री इंडस्ट्रीज़, सर्विस इंडस्ट्री, AVGC (एनिमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स), मॉडर्न टेक्नोलॉजी आधारित इंडस्ट्रीज़ और पर्यटन क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इन क्षेत्रों का अपार पोटेंशियल मौजूद है और इन्हें बढ़ावा देने से युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि दिल्ली देश के सबसे प्रतिभाशाली युवाओं का केंद्र है और यहां का शिक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर भी बेहद मजबूत है। केवल पिछले 10–15 वर्षों में एक गैप उत्पन्न हुआ है जिसे भरने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी प्राथमिकता युवाओं के सपनों को पूरा करना है और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जॉब-सीकर्स और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि मौजूद रहे। मेले में विभिन्न सेक्टर्स की नामी कंपनियों और स्टार्टअप्स ने भाग लिया और युवाओं को रोजगार व इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को सीधे नियोक्ताओं से संवाद करने और रोजगार के नए विकल्प तलाशने का अवसर मिला।
इस कार्यक्रम में फिक्की लेडीज़ ऑर्गेनाइज़ेशन (FLO) की प्रतिनिधि नीता एवं पूनम शर्मा भी उपस्थित रहीं। फिक्की लेडीज़ ऑर्गेनाइज़ेशन (FLO) की यह पहल महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। FLO पिछले कई दशकों से महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य कर रही है। जॉब फेयर जैसे आयोजनों के माध्यम से FLO का उद्देश्य रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाना और उद्योग तथा शिक्षा जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
FLO के प्रतिनिधियों ने बताया कि जॉब फेयर 2025 के माध्यम से हज़ारों युवाओं को रोजगार और करियर के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, कंपनियों को भी योग्य प्रतिभा की पहचान करने का अवसर मिलेगा। संगठन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल युवाओं को बल्कि संपूर्ण अर्थव्यवस्था को भी सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी।
