दिल्ली सरकार दुर्गा पूजा समितियों को देगी पूरा सहयोग – कपिल मिश्रा

Date:

  • विधायक शिखा राय और दुर्गा पूजा समितियों के साथ मंत्री ने ली बैठक
  • पूजा आयोजनों में आ रही बाधाओं को दूर करने के दिए निर्देश
  • सुविधाओं के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगी दिल्ली सरकार

नई दिल्ली । 20 अगस्त 25। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा राय एवं दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों एवं आयोजनों में आ रही विभिन्न बाधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है बल्कि यह दिल्ली की गंगा-जमुनी संस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी समिति को आयोजन में कोई दिक्कत न आए। दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है कि यह महोत्सव भव्य, सुरक्षित और बिना किसी बाधा के सम्पन्न हो।

उन्होंने आगे कहा कि माँ दुर्गा की शक्ति हमें अन्याय और बुराई के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देती है। यह पर्व हमें एकजुट होकर समाज की भलाई के लिए काम करने का संदेश देता है।

ग्रेटर कैलाश विधायक शिखा राय ने भी क्षेत्र में हो रहे कार्यों और समितियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। बैठक में उपस्थित दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव दिए।

कपिल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुविधाएँ और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएँ। कपिल मिश्रा ने आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार दुर्गा पूजा महोत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव 28 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा और प्रशासन की ओर से हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related