दिल्ली को जलभराव से मुक्त करने की लिये सरकार प्रतिबद्ध है – प्रवेश साहिब सिंह

Date:

नई दिल्ली । 10 अगस्त 2025 । – पिछले दो दिन में हुई भारी बारिश के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिन में सीपी (कनॉट प्लेस) आउटर सर्कल के जलभराव स्थल का निरीक्षण किया और दिल्ली को जलभराव से मुक्त करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मंत्री ने बताया कि एक दिन पहले ही, भारी बारिश के दौरान, वे देर रात भी इसी स्थल पर पहुंचे थे, जहां काके दा होटल के पास लगभग 100 मीटर का एक हिस्सा पानी से भरा हुआ था। इस समस्या की जड़ ब्रिटिश काल का लगभग 100 साल पुराना बैरल ड्रेनेज सिस्टम है। समय के साथ, कनॉट प्लेस में बनी इमारतों ने इन बैरल का आकार छोटा कर दिया, जिससे पानी का बहाव रुकने लगा और जलभराव की समस्या बार-बार उत्पन्न होने लगी।

मंत्री ने कहा, “100 साल पहले बना मूल ड्रेनेज ढांचा समय के साथ बदल गया, जिससे पानी का बहाव बाधित होता है। इसे दूर करने के लिए यहां दो हाई-कैपेसिटी पंप लगाए गए हैं, ताकि ड्रेन पर लोड कम कर पानी को आगे भेजा जा सके।”

उन्होंने बताया कि अपनी देर रात की पिछली निरीक्षण यात्रा के दौरान उन्होंने देखा कि पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच गया था, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने स्थायी समाधान के लिए हर बिंदु का गहन अध्ययन शुरू किया। इसका असर साफ दिख रहा है — ज़खीरा, मिंटो ब्रिज, मूलचंद और आईटीओ समेत 34 ऐसे क्रिटिकल प्वाइंट्स, जहां पिछले 10 वर्षों से हर साल पानी भरता था, इस बार पूरी तरह जलभराव मुक्त रहे।

मंत्री परवेश साहिब सिंह ने इस सफलता का श्रेय सतत निगरानी, समय पर हस्तक्षेप और त्वरित मौके पर कार्रवाई को दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सोशल मीडिया और मीडिया से जहां-जहां जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां पीडब्ल्यूडी की इंजीनियर टीम तुरंत पहुंचकर समस्या का समाधान कर रही है।

मंत्री ने कहा, “जहां भी जलभराव की सूचना मिलती है, मैं खुद या हमारे इंजीनियर मौके पर जाकर निरीक्षण करते हैं और तुरंत समस्या का समाधान करते हैं। इस साल पीडब्ल्यूडी सड़कों पर जलभराव में काफी कमी आई है। हम हर बिंदु पर काम कर रहे हैं और आने वाले वर्षों में दिल्ली को पूरी तरह जलभराव मुक्त करेंगे।”

ढाई साल के एक मासूम बच्चे की सीवर में गिरने से हुई मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा, “यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। हम इसे दोबारा होने से रोकने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रहे हैं।”

सक्रिय निरीक्षण, उन्नत ड्रेनेज समाधान और सतर्क निगरानी के साथ, पीडब्ल्यूडी दिल्ली को मानसून प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण में एक आदर्श शहर बनाने के लिए संकल्पित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related