डिजिटल एकीकरण, हरित ऊर्जा और विरासत संरक्षण के प्रमुख विषयों पर की चर्चा
नई दिल्ली ।27 जुलाई 2025 । दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर गुप्ता ने उपसभापति को दिल्ली विधान सभा में चल रहे विभिन्न परिवर्तनकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विधान सभा को एक आदर्श लोकतांत्रिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए अपनाई जा रही कार्ययोजनाओं के बारे में बताया।
गुप्ता ने बताया कि दिल्ली विधान सभा में नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेजी से प्रगति कर रही है और आगामी मानसून सत्र से पहले इसके पूर्ण होने की संभावना है। यह परियोजना सदन की कार्यवाही और विधायी दस्तावेजों तक सरल डिजिटल पहुंच सुनिश्चित करेगी, जिससे विधान सभा का सम्पूर्ण कार्य डिजिटल स्वरूप में संचालित हो सकेगा।
उन्होंने आगे बताया कि पर्यावरणीय सततता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत विधान सभा परिसर में 500 किलोवाट क्षमता वाला सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है, जिसका संचालन जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से दिल्ली विधान सभा पूरी तरह से सौर ऊर्जा पर आधारित बन जाएगी, और यह देश की पहली हरित विधान सभा के रूप में एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करेगी। यह पहल न केवल ऊर्जा लागत को कम करेगी, बल्कि भारत सरकार के 2030 तक 500 GW पर्यावरण अनुकूल ईंधन आधारित उत्पादन क्षमता और 50% ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति अक्षय स्रोतों से करने के लक्ष्य के अनुरूप भी है।

इसके अतिरिक्त, अध्यक्ष ने बताया कि विधान सभा पुस्तकालय का डिजिटलीकरण कार्य भी प्रगति पर है, जिसका उद्देश्य विधायकों एवं कर्मचारियों को अनुसंधान और ऐतिहासिक अभिलेखों तक सुलभ और आधुनिक पहुंच प्रदान करना है। दिल्ली विधान सभा परिसर को राष्ट्रीय महत्व की विरासत स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी ठोस योजनाएँ बनाई जा रही हैं, जिससे इस ऐतिहासिक भवन की वास्तुकला और लोकतांत्रिक विरासत को संरक्षित किया जा सके।
गुप्ता ने कहा कि ये सभी पहलें दिल्ली विधान सभा को एक डिजिटल रूप से सशक्त, पर्यावरण अनुकूल और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध संस्थान के रूप में स्थापित करने की व्यापक दृष्टि का हिस्सा हैं। इन प्रयासों के माध्यम से देश की अन्य विधान सभाओं के साथ सहयोग और लोकतांत्रिक प्रगति को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने विधान सभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की इन दूरदर्शी पहलों की सराहना की और विश्वास जताया कि ये प्रयास न केवल राज्य स्तर पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सशक्त करेंगे, बल्कि देश की अन्य विधान सभाओं के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होंगे।
