नई दिल्ली । 21 जून 25 । दिल्ली सरकार मे गृह मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सचिवालय में वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स 2025 में भाग लेने जा रहे भारतीय अग्निशमन दल को विजयी होने की शुभकामनाएं दी।
आशीष सूद ने कहा कि यह प्रतियोगिता पिछले 42 वर्षों से नियमित रूप से आयोजित की जा रही है, किंतु यह पहला अवसर है जब भारतीय अग्निशमन सेवाओं का एक संगठित दल इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भाग लेने जा रहा है। इस दल में विभिन्न राज्यों की महिला अग्निशमन कर्मियों की भी सहभागिता है, जो देश के लिए गर्व का विषय है।
गृह मंत्री ने आगे कहा की इस प्रतियोगिता का आयोजन 27 जून से 7 जुलाई 2025 तक अमेरिका के बर्मिंघम (अलाबामा) में किया जाएगा। इस दौरान दल के सदस्य स्टेयर रन, फायर फाइटर चैलेंज, अल्टीमेट फायर फाइटर तथा मस्टर ड्रिल जैसी स्पर्धाओं में अपने कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
गृह मंत्री सूद ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से, पूर्ण समर्पण के साथ प्रदर्शन करने और अधिकाधिक पदक जीतकर तिरंगे की शान को विश्व पटल पर ऊंचा करने के लिए भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता में जाने वाले सभी खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि भारत वापसी पर दल का स्वागत समारोह और भी भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
समारोह के अंत में पूरे दल ने ‘हर हर महादेव’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और इस ऐतिहासिक अवसर के लिए माननीय मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
