नई दिल्ली । एअर इंडिया की दिल्ली से बाली जा रही फ्लाइट AI2145 बीच रास्ते से ही दिल्ली लौट आई है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यह फैसला बाली एयरपोर्ट के पास ज्वालामुखी विस्फोट की खबरों के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
उन्होंने बताया कि फ्लाइट मंगलवार रात को बाली के लिए रवाना हुई थी और ज्वालामुखी विस्फोट की खबरों के बाद बीच रास्ते से लौट आई। फ्लाइट ने बुधवार तड़के दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की। एयरलाइंस की ओर से उनके रुकने की व्यवस्था भी की गई है।
न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इंडोनेशिया के माउंट लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में मंगलवार को विस्फोट हुआ। ज्वालामुखी से 11 किमी ऊंचाई तक राख उड़ी। बुधवार सुबह फिर से 1 किमी ऊंचा राख का गुबार निकला। जिससे बाली के लिए कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।
इधर, हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट को आज सुबह ईमेल में बम रखने की धमकी मिली। बेगमपेट ACP ने बताया कि जांच के लिए बम स्क्वॉड को बुलाया गया है और एयरपोर्ट के हर हिस्से की अच्छे से तलाशी ली जा रही है। अभी तक कोई बम नहीं मिला है। सभी लोग सुरक्षित हैं और एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मंगलवार को एअर इंडिया की 7 फ्लाइट रद्द हुईं
इससे पहले मंगलवार को एअर इंडिया की 7 इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द की गई थीं। इनमें अहमदाबाद-लंदन, दिल्ली-पेरिस, दिल्ली-वियना, लंदन-अमृतसर, दिल्ली-दुबई, बेंगलुरु-लंदन और सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट शामिल रहीं।
12-17 जून के बीच एअर इंडिया की 66 फ्लाइट रद्द
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मंगलवार को कहा कि 12 से 17 जून के बीच एअर इंडिया ने बोइंग 787 की फ्लाइट्स को मिलाकर 66 उड़ानें रद्द कीं। DCGA ने कहा- 12 जून की घटना के बाद एअर इंडिया के बोइंग 787 सीरीज ड्रीमलाइनर की जांच की गई, जिसमें सुरक्षा को लेकर कोई बड़ी बात सामने नहीं आई।
DCGA ने कहा कि विमान का रखरखाव मौजूदा सिक्योरिटी नियमों के मुताबिक पाया गया है। एयर इंडिया की फ्लीट में 33 बोइंग 787- 8/9 विमान हैं। मंगलवार को DGCA की एअर इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें DGCA ने एयरलाइन को विमान सुरक्षा पर ध्यान देने, फ्लाइट ऑपरेशन को सख्त करने और समय पर फ्लाइट डिपार्चर ये तय करने के निर्देश दिए हैं।
अहमदाबाद से लंदन की नई फ्लाइट AI-159 मंगलवार को फिर रद्द हुई
अहमदाबाद में 12 जून को AI-171 फ्लाइट क्रैश हुई थी। इसकी जगह अहमदाबाद से लंदन के लिए नई फ्लाइट AI-159 शुरू की गई है। यह फ्लाइट मंगलवार को लगातार दूसरी बार रद्द की गई।
फ्लाइट को दोपहर 1.10 बजे उड़ान भरना था, लेकिन टेकऑफ से कुछ घंटे पहले तकनीकी खामी की बात कही गई। 16 जून को भी यह फ्लाइट रद्द की गई थी।
दिल्ली से पेरिस जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI142 भी टेक्निकल परेशानी के बाद रद्द की गई, जो उड़ान से पहले जांच के दौरान सामने आई। इसके अलावा लंदन से अमृतसर आ रही फ्लाइट को भी तकनीकी दिक्कतों के चलते रद्द किया गया।
उधर, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-180 में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा।
बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था। विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई।
इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।