नई दिल्ली , 18 मार्च 2026 । देश में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब फ्लाइट्स में करीब 60% सीटों पर लगने वाला एडिशनल चार्ज खत्म कर दिया गया है। इस फैसले से यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान कम कीमत चुकानी पड़ेगी और यात्रा पहले से अधिक किफायती बन सकेगी।
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने घरेलू हवाई यात्रा को ज्यादा सुविधाजनक बनाने के लिए नए नियम जारी किए हैं। नए आदेश के मुताबिक एयरलाइंस को हर फ्लाइट में कम से कम 60% सीटें बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के देनी होंगी। ये निर्देश घरेलू फ्लाइट्स पर लागू होंगे।
इसके अलावा एक ही PNR (बुकिंग रेफरेंस) पर यात्रा करने वाले यात्रियों को एक साथ बिठाया जाएगा, बेहतर होगा कि उन्हें आस-पास की सीटों पर बिठाया जाए।
मौजूदा नियमों में पैसेंजर्स के लिए 20% सीटें ही बिना एक्स्ट्रा चार्ज दिए बुक की जा सकती हैं, जबकि बाकी सीटों के लिए भुगतान करना पड़ता है।
ये कदम इसलिए उठाए गए हैं क्योंकि एयरलाइंस सीट चुनने समेत कई सर्विसेस के लिए बहुता ज्यादा शुल्क वसूल रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी एयरलाइंस सीटें चुनने पर 500 से 1200 रुपए एक्स्ट्रा चार्ज करती हैं।
अब तक एयरलाइंस कंपनियां सीट सिलेक्शन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूलती थीं, खासकर विंडो, aisle या आगे की सीटों के लिए यात्रियों को ज्यादा पैसे देने पड़ते थे। लेकिन नए नियम के तहत अधिकांश सीटें अब बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध होंगी, जिससे आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
इस फैसले का असर खासतौर पर मिडिल क्लास यात्रियों पर पड़ेगा, जो अक्सर बढ़ते किराए और अतिरिक्त चार्ज की वजह से हवाई यात्रा से बचते थे। अब वे आसानी से अपनी पसंद की सीट चुन सकेंगे, बिना अतिरिक्त खर्च के।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से एयरलाइंस इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी और कंपनियां यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने पर ध्यान देंगी। हालांकि, प्रीमियम सीट्स और कुछ खास सुविधाओं के लिए अतिरिक्त शुल्क जारी रह सकता है।
कुल मिलाकर यह फैसला यात्रियों के लिए राहत भरा है और हवाई यात्रा को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
