सरकार साहिब सिंह वर्मा के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पवध है – प्रवेश वर्मा

Date:

• पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की 83वीं जयंती पर लोगों ने स्वाभिमान स्थल पहुँचकर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 15 मार्च 26 । दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय साहिब सिंह वर्मा की 83वीं जयंती के अवसर पर रविवार को स्वाभिमान स्थल, घेवरामोड़ पर दिल्ली के विभिन्न गांवों और इलाकों से सैकड़ों लोग एकत्रित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने पहुँचे। यह अवसर एक ऐसे जननेता की स्मृति में भावनात्मक श्रद्धांजलि सभा में बदल गया, जो हमेशा आम लोगों से जुड़े रहे और जिन्होंने विशेष रूप से दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय निवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने यहाँ पहुँचकर प्रार्थना सभा और हवन में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वर्गीय साहिब सिंह वर्मा के सादगीपूर्ण जीवन, सहज स्वभाव और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। वर्षों बाद भी लोगों के दिलों में उनके प्रति जो सम्मान और अपनापन है, वह इस अवसर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और हवन में आहुति देकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित अनेक नागरिकों और समर्थकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोगों का यहाँ आना यह दर्शाता है कि साहिब सिंह वर्मा का जनता के साथ रिश्ता कितना गहरा था।
उन्होंने कहा,
“साहिब सिंह वर्मा जी हमेशा मानते थे कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए। आज भी दिल्ली के अलग-अलग गांवों और इलाकों से लोग यहाँ उन्हें याद करने आते हैं। जनता से यही जुड़ाव उनकी सबसे बड़ी ताकत थी।”
अपने पिता के मुख्यमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय साहिब सिंह वर्मा ने विशेष रूप से दिल्ली के गांवों, ग्रामीण क्षेत्रों और अनधिकृत कॉलोनियों के विकास के लिए अनेक योजनाएं शुरू की थीं और इन क्षेत्रों के लिए व्यापक विकास की परिकल्पना की थी।
उन्होंने कहा,
“जब वे मुख्यमंत्री थे, तब दिल्ली के विकास के लिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की थी और शहर के भविष्य के लिए बड़े सपने देखे थे। दुर्भाग्यवश, हमारी सरकार के जाने के बाद उन योजनाओं में से कई आगे नहीं बढ़ सकीं।”


प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार उन अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि दिल्ली के हर हिस्से तक विकास पहुंचे।
उन्होंने कहा,
“आने वाले समय में दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों और अनधिकृत कॉलोनियों के समग्र विकास के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान लागू किया जाएगा। ये क्षेत्र हमेशा साहिब सिंह वर्मा जी के दिल के बहुत करीब रहे हैं और हमारा प्रयास है कि उनकी उस सोच को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के हर हिस्से को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।”
उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र के युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में घेवरामोड़ क्षेत्र में एक स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने साहिब सिंह वर्मा को एक ऐसे जननेता के रूप में याद किया जो हमेशा सभी के लिए सहज उपलब्ध रहते थे और जिन्होंने किसानों, मजदूरों तथा दिल्ली के गांवों में रहने वाले लोगों के कल्याण के लिए निरंतर काम किया।
श्रद्धांजलि सभा का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि उनकी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए दिल्ली के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

जंग के बीच पहला भारतीय जहाज LPG लेकर पहुंचा

तेल अवीव/तेहरान, 15 मार्च 2026 । मध्य-पूर्व में जारी...

ईरान में 15 दिन बाद भी सत्ता नहीं बदली

वॉशिंगट , 15 मार्च 2026 । Iran में राजनीतिक...