नई दिल्ली । 5 फरवरी 26 । साउथ-वेस्ट जिला अंतर्गत थाना सागरपुर से जुड़े वायरल वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस जांच शुरू कर दी गई है और प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों पर तत्काल प्रभाव से एक्शन लिया गया है।
डीसीपी साउथ-वेस्ट जिला अमित गोयल (IPS) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, एक महिला सब-इंस्पेक्टर (W/SI) को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक अन्य W/SI तथा थाना सागरपुर के SHO को जिला लाइन भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई वायरल वीडियो में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। साथ ही, सभी पुलिस थानों को निर्देश दिए गए हैं कि स्टाफ को संवेदनशील बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि विभाग जनता के प्रति जवाबदेह है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गलत व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में की गई कार्रवाई को देखते हुए संबंधित संगठनों से निर्धारित विरोध प्रदर्शन वापस लेने की अपील भी की गई है।
फिलहाल, विजिलेंस जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
