- उन्होंने पेपरलेस एवं सौर ऊर्जा आधारित विधान सभा की दी जानकारी
नई दिल्ली, 21 जनवरी 2026 । दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट संविधानिक मर्यादाओं, संस्थागत समन्वय तथा सहकारी संघवाद की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
शिष्टाचार मुलाकात के दौरान गुप्ता ने दिल्ली विधान सभा द्वारा संस्थागत दक्षता, पारदर्शिता, सतत विकास एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने हेतु उठाए जा रहे विभिन्न महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि दिल्ली विधान सभा ने राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग नेवा को पूर्ण रूप से अपना लिया है तथा हाल ही में संपन्न शीतकालीन सत्र, पूर्ण डिजिटल एकीकरण के उपरांत आयोजित दूसरा सत्र रहा। यह पहल काग़ज़-रहित एवं प्रौद्योगिकी-सक्षम विधान प्रक्रिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
गुप्ता ने यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली विधान सभा देश की पहली विधान सभा बन गई है जो पूर्णतः सौर ऊर्जा पर संचालित हो रही है। इस ऐतिहासिक कदम से न केवल कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आई है, बल्कि संवैधानिक संस्थानों में पर्यावरणीय उत्तरदायित्वपूर्ण शासन का एक अनुकरणीय उदाहरण भी स्थापित हुआ है।
विजेंद्र गुप्ता ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को “शताब्दी यात्रा – वीर विठ्ठलभाई पटेल” शीर्षक स्मारक कॉफी टेबल बुक के विषय में भी जानकारी दी, जिसमें दुर्लभ अभिलेखीय छायाचित्रों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से भारत की संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक विकास की महत्वपूर्ण घटनाओं का संकलन किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें काफ़ी टेबल बुक भी भेंट की l

इसके अतिरिक्त, अध्यक्ष ने दिल्ली विधान सभा को राष्ट्रीय महत्व के सांस्कृतिक एवं धरोहर स्थल के रूप में विकसित करने की दीर्घकालिक परिकल्पना साझा की, जिससे भारत की संवैधानिक यात्रा में इसकी ऐतिहासिक भूमिका और एक जीवंत लोकतांत्रिक संस्था के रूप में इसकी निरंतर प्रासंगिकता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
