दक्षिणपुरी का भाग्य बदलेगा, नया इतिहास लिखा जाएगा – रेखा गुप्ता

Date:

  •  वर्षों की उपेक्षा का अंत करने का समय आ गया है,
     
  • टूटी सड़कें, पानी संकट और जर्जर सड़कों का होगा अंत

नई दिल्ली, 26 नवंबर 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगामी 30 नवंबर को होने वाले एमसीडी उपचुनाव को लेकर दक्षिणपुरी में महर्षि वाल्मीकि मार्ग पर वार्ड-164 से भाजपा प्रत्याशी रोहिणी राज के समर्थन में आयोजित रोड शो में भाग लिया। इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी उनके साथ उपस्थित थे।

रोड शो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिणपुरी में लोग वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की परिस्थितियाँ अब भी नहीं बदलीं। उन्होंने स्वयं टूटी सड़कों, जर्जर शौचालयों और अव्यवस्थित मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने वर्षों तक झाड़ू के निशान पर भरोसा किया, पर न पानी की व्यवस्था सुधरी, न सड़कें बनीं, न सीवर लाइन डाली गई, न नए स्कूल–कॉलेज खुले और न ही नए राशन कार्ड या पेंशन जारी हुईं। उन्होंने कहा कि जनता को यह गंभीरता से सोचना होगा कि जिन्होंने वर्षों तक कुछ नहीं दिया, उन्हें बार-बार वोट क्यों दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार दक्षिणपुरी को अपना नेतृत्व करने वाले नेता को बदलना होगा और बेईमानी के शासन को हटाकर ईमानदार, विकासोन्मुख नेतृत्व को आगे लाना होगा। उन्होंने बताया कि सरकार बने सिर्फ 10 महीने हुए हैं, लेकिन देवली विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष बजट स्वीकृत किया जा चुका है, जिसमें नई पाइपलाइन, सीवर लाइन, सड़कें और अन्य आधारभूत सुविधाएँ शामिल हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास तभी पूरी तरह जनता तक पहुँचेगा जब सांसद, विधायक और पार्षद—तीनों जनप्रतिनिधियों की कड़ी पूरी होगी। केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए कमल के बटन को दबाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दक्षिणपुरी को पानी की किल्लत से राहत मिलनी चाहिए, टैंकर माफिया का अंत होना चाहिए और हर घर को स्वच्छ पानी उपलब्ध होना चाहिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नई पेंशन, नए राशन कार्ड, सीवर लाइन और सड़क निर्माण जैसी योजनाएँ तैयार हैं, पर इनके क्रियान्वयन के लिए पार्षद की भूमिका अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने वर्षों तक झुग्गियों के निवासियों को पक्का मकान नहीं दिया, स्कूल–कॉलेज नहीं बनाए और केवल राजनीति की, उनके दौर का अंत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर गरीब को पक्की छत देने का संकल्प तेजी से पूरा हो रहा है और दिल्ली सरकार भी उसी दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दक्षिणपुरी का भाग्य बदलने वाला है, नया इतिहास लिखा जाएगा, और यह इतिहास लिखने की शक्ति जनता के हाथ में है—कमल के बटन के रूप में।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related