- कहा कि करीब 85 करोड़ रुपये की राशि वास्तविक हकदारों को वापस सौंपी जा चुकी है
- आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ मे सीएम ने अभियान में की सहभागिता
नई दिल्ली, 27 नवंबर 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ सहभागिता की। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य देशभर के नागरिकों को यह विश्वास दिलाना है कि उनका प्रत्येक अनक्लेम्ड रुपया, चाहे वह बैंक जमा ,म्यूचुअल फंड, बीमा, शेयर या डिविडेंड से संबंधित हो, पूर्ण रूप से सुरक्षित है और उसे वास्तविक हकदार को ही वापस किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत दिल्ली के प्रत्येक जिले में शिविर स्थापित किए जा रहे हैं। हर कैंप में विशेष हेल्पडेस्क बनाए गए हैं, जहां नागरिक डिजिटल माध्यम से अपनी अनक्लेम्ड राशि से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षित अधिकारी हर परिवार की सहायता कर रहे हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया को सरल, सुलभ और भरोसेमंद बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान मध्यवर्ग और गरीब परिवारों के लिए सच्चे अर्थों में राहत और सम्मान लेकर आया है। वर्षों से अनक्लेम्ड पड़ी वह राशि, जो कभी मेहनत की कमाई थी, आज अपने असली हकदारों तक पहुंचने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम परिवारों की इस चिंता को समझा, उनकी कठिनाई को महसूस किया और इस अनक्लेम्ड पूंजी को तेज़, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से लोगों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया है । इस अभियान ने जनता के भीतर विश्वास की एक मजबूत भावना पैदा की है और केंद्र सरकार ने पारदर्शिता, तकनीक और नागरिक-अनुकूल व्यवस्था से यह साबित कर दिया है कि जनता की पूंजी सुरक्षित हाथों में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बैंकिंग और डिजिटल भुगतान को लेकर देश में अभूतपूर्व भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीयों की बचत की आदत पहले सीमित थी, परंतु ज़ीरो बैलेंस खाते, डिजिटल पेमेंट्स, डीबीटी और वित्तीय समावेशन जैसी पहलों ने हर नागरिक तक बैंकिंग की पहुंच सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि वर्षों पहले जिस विश्वास को बनने में समय लगा, उसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बैंकिंग सुधारों के जरिए बेहद मजबूत कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्ट तंत्र के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ सीधा जनता तक नहीं पहुंच पाता था, वहीं अब केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया पूरा लाभ सीधे लाभार्थी तक पहुंचता है। यह बदलाव भारतीय अर्थव्यवस्था और आम जनता के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन है।
‘ आपकी पूंजी, आपका अधिकार’: विश्वास जोड़ने वाला अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनक्लेम्ड राशि को वास्तविक हकदार तक पहुंचाना केवल एक योजना नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि अब तक 85 करोड़ रुपये की राशि वास्तविक हकदारों को वापस सौंपी जा चुकी है, जो इस प्रयास की सफलता का प्रमाण है।
दिल्ली में व्यापक कैंप लगाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार, वित्त मंत्रालय के सहयोग से राजधानी में बड़े पैमाने पर कैंप लगाएगी, ताकि हर नागरिक अपनी अनक्लेम्ड राशि की जानकारी प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों, टीवी, रेडियो और प्रिंट मीडिया के जरिए अभियान की जानकारी घर-घर पहुंचाई जाएगी, ताकि बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, शेयरों और डिविडेंड में जमा सभी अनक्लेम्ड एसेट वास्तविक हकदारों को वापस मिल सकें। उन्होंने कहा कि यह अभियान न सिर्फ नागरिकों को उनका अधिकार दिलाएगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस अभियान को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
