लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से भारत लाया गया

Date:

नई दिल्ली, 19 नवम्बर 2025 । कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि अनमोल पर कई हाई-प्रोफाइल अपराधों के आरोप हैं।

गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से डिपोर्ट कर बुधवार को दिल्ली लाया गया। उसे एयरपोर्ट से सीधे पटियाला कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमेरिका से कुल 200 लोगों को डिपोर्ट किया गया है, इनमें भारत के 3 लोग हैं।

अनमोल के अलावा 2 लोग पंजाब के हैं। अभी इनके बारे में जानकारी नहीं मिली है। गैंगस्टर अनमोल अप्रैल, 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में वांटेड आरोपी है। वह पिछले साल मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी भी है। अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनमोल को अमेरिका में अवैध तरीके से घुसने के कारण गिरफ्तार किया गया था। वह भारत में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वांटेड लिस्ट में है। NIA ने उस पर ₹10 लाख का इनाम भी घोषित किया था।

सिद्दीकी के बेटे को अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने ईमेल में जानकारी दी

बाबा सिद्दीकी के बेटे और NCP नेता जीशान सिद्दीकी ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी PTI को बताया था कि उन्हें अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से एक ईमेल मिला है। इसमें बताया गया है कि अनमोल को अमेरिका से निकाल दिया गया है। जीशान ने कहा- अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

अनमोल को किस एजेंसी को सौंपा जाए, केंद्र तय करेगा

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि देश भर में गैंगस्टर के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। अब केंद्र सरकार तय करेगी कि उसे पहले किस एजेंसी को सौंपा जाए। मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे। मुंबई पुलिस अपने मामलों में जांच के लिए उसकी हिरासत की मांग कर सकती है।

अधिकारी ने बताया कि अनमोल अमेरिका और कनाडा के बीच घूमता रहता था। पिछले साल नवंबर में, अनमोल को अमेरिका में अधिकारियों ने हिरासत में लिया था। इस महीने की शुरुआत में, जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि उसे कनाडा में हिरासत में लिया गया है। अनमोल के पास रूसी पासपोर्ट था, जो उसने फर्जी दस्तावेज के आधार पर बनवाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related