- एमटीएस(पीएच) कर्मचारियों की माँगो पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी
नई दिल्ली । 31 अक्टूबर 25 । दिल्ली के महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने आज बताया कि दिल्ली नगर निगम के एमटीएस (पीएच) अनुबंधित कर्मचारी जो अपनी विभिन्न माँगों को लेकर हड़ताल पर बैठे थे, उन्होंने दिल्ली नगर निगम के सदन द्वारा गठित समिति से मिले आश्वासन के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है।
महापौर ने कहा कि एमटीएस (पीएच) अनुबंधित कर्मचारियों की माँगों के समाधान हेतु नगर निगम ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया था। इस समिति ने कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की और उनकी समस्याओं व माँगों को गंभीरता से सुना। समिति ने यह आश्वासन दिया है कि कर्मचारियों की सभी वैध और उचित माँगों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने कहा दिल्ली नगर निगम अपने प्रत्येक कर्मचारी के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। एमटीएस (पीएच) अनुबंधित कर्मचारी मच्छर जनित डेंगू, मलेरिया चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी माँगों का समाधान नियमानुसार और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असमानता या असंतोष की स्थिति न बने।
महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने बताया कि इस समिति में नेता सदन प्रवेश वाही, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएँ समिति के अध्यक्ष श्री संदीप कपूर, स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चड्ढा, मलेरिया समिति की अध्यक्ष नीता बिष्ट ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनके साथ समन्वय स्थापित किया और हड़ताल ख़त्म करवाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि समिति की रिपोर्ट के अनुसार निगम अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
