चीन से J-10C फाइटर जेट खरीदेगा इंडोनेशिया

Date:

इंडोनेशिया , 16 अक्टूबर 2025 । इंडोनेशिया ने अपनी वायुसेना की क्षमता को और मजबूत करने के लिए चीन से अत्याधुनिक J-10C फाइटर जेट खरीदने का निर्णय लिया है। यह सौदा दक्षिण-पूर्व एशिया की रक्षा रणनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि यह पहली बार है जब इंडोनेशिया ने चीनी युद्धक विमानों को अपनी वायुसेना में शामिल करने का फैसला किया है।

इंडोनेशिया ने अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने के लिए चीन से 42 J-10C फाइटर जेट खरीदने का फैसला किया है। यह पहली बार है जब इंडोनेशिया किसी गैर-पश्चिमी देश से विमान खरीद सौदा कर रहा है।

इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सजफ्री सजमसुद्दीन ने बुधवार को कहा कि, ‘ये जल्द ही जकार्ता के आसमान में उड़ते नजर आएंगे।’ पहले J-10C को सिर्फ चीन की वायुसेना के लिए डिजाइन किया गया था, लेकिन अब चीन इसे दूसरे देशों को भी बेचेगा।

वित्त मंत्री पुरबया युधी सदेवा ने मीडिया से कहा कि 75 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट मंजूर हो गया है। हालांकि, ये चीन से कब आएंगे, इसकी जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। ये विमान पाकिस्तान के पास भी मौजूद है। पाकिस्तान ने मई में संघर्ष के दौरान इस विमान का भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया था।

अपने लड़ाकू विमान अपग्रेड कर रहा इंडोनेशिया

यह सौदा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के नेतृत्व वाली सरकार की सैन्य सुधार योजना का हिस्सा है। इसके लिए उन्होंने दुनिया भर की यात्राएं की हैं। नई सैन्य हथियार प्रणालियां, निगरानी और क्षेत्रीय रक्षा क्षमताएं हासिल करने के लिए चीन, फ्रांस, रूस, तुर्की और अमेरिका गए।

वर्तमान में इंडोनेशियाई वायुसेना के पास अमेरिका, रूस और ब्रिटेन से आए लड़ाकू विमान हैं, लेकिन इनमें से कई पुराने हो चुके हैं और इन्हें अपग्रेड या बदलने की जरूरत है।

J-10C जैसे आधुनिक विमान इंडोनेशिया को चौथी पीढ़ी के लड़ाकू जेट्स की क्षमता प्रदान करेंगे, जो हवा से हवा और हवा से जमीन हमलों में सक्षम हैं।

फ्रांस और तुर्की से भी फाइटर जेट खरीदेगा इंडोनेशिया

इंडोनेशिया केवल चीन पर निर्भर नहीं हो रहा। तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने जून में ऐलान किया था कि तुर्की इंडोनेशिया को 48 KAAN लड़ाकू विमान देगा। ये विमान तुर्की में निर्मित होंगे और पांचवीं पीढ़ी के स्टेल्थ फाइटर होंगे।

इसके अलावा, जनवरी 2024 में फ्रांस के साथ 42 दसॉल्ट राफेल लड़ाकू विमानों का सौदा फाइनल हुआ। जिसकी पहली डिलीवरी 2026 की शुरुआत में होने की उम्मीद है।

फ्रांस से ही दो स्कॉर्पीन इवॉल्व्ड सबमरीन और 13 थेल्स ग्राउंड कंट्रोल इंटरसेप्शन रडार की खरीद की भी घोषणा की। ये सौदे दिखाते हैं कि इंडोनेशिया अपनी सैन्य खरीदारी के लिए किसी एक देश पर निर्भर नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related