नई दिल्ली । 12 अक्टूबर 25 । इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए-आयुष) ने भगवान धनवंतरि जयंती पर आयुष क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। रविवार देर शाम एनडीएमसी सभागार में आयोजित आईएमए-आयुष के 39वें वार्षिकोत्सव समारोह में आयुर्वेद चिकित्सा में उल्लेखनीय सेवा के लिए डॉ भीमा भट्ट और यूनानी चिकित्सा में उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रो. (डॉ) हकीम मोह. मज़ाहिर आलम को “धनवंतरि अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। मीडिया के योगदान को सम्मान देते हुए संस्था ने हिन्दुस्थान समाचार की विशेष संवाददाता विजयालक्ष्मी, एआईआईए के जनसंपर्क अधिकारी सिद्धार्थ, उर्दू मीडिया से इल्तेज़ा उस्मानी और डॉ फरमान अली को शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर संस्था ने प्रकाशित वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी किया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आयुर्वेद एक ऐसी चिकित्सा प्रणाली है, जिसमें कोई रोग असाध्य नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं फेशियल पैरालिसिस का सफल उपचार आयुर्वेद द्वारा कराया है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में अधिक से अधिक आयुर्वेद और यूनानी औषधालय स्थापित किए जाएंगे, जिससे न केवल आमजन को लाभ होगा बल्कि इस पद्धति से जुड़े चिकित्सकों को भी व्यापक रोजगार के अवसर मिलेंगे।

संस्था के मीडिया प्रभारी एवं लीगल कमेटी के चेयरमैन डॉ रामफल पांचाल ने बताया कि आयुर्वेद चिकित्सा में उल्लेखनीय सेवा के लिए डॉ भीमा भट्ट और यूनानी चिकित्सा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. (डॉ) हकीम मोह. मज़ाहिर आलम को “धनवंतरि अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। जबकि चिकित्सा क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु “सुश्रुत अवॉर्ड” और “चरक अवॉर्ड” जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त संस्था में दीर्घकालीन योगदान के लिए “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” से डॉ एस पी पांडे को सम्मानित किया गया, जिन्हें संस्था के संरक्षक डॉ आर एस चौहान द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद संस्थान के निदेशक डॉ एम बी गौड़ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ आयुर्वेद-एआईआईएके निदेशक डॉ पी के प्रजापति उपस्थित रहे। इस मौके पर संस्था के संरक्षक डॉ आर एस चौहान और डॉ ओपी वशिष्ठ, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ एन के छावनियां, महासचिव डॉ रमन खन्ना और दिल्ली राज्य अध्यक्ष डॉ अरुण कटारिया भी मौजूद रहे।
