- छठ घाटों की तैयारियों के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी हेतु सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू
- छठ पूजा 2025’ की तैयारियों को लेकर कपिल मिश्रा ने की उच्च-स्तरीय बैठक
नई दिल्लीI 14 अक्टूबर 2025 । दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली सचिवालय में ‘छठ पूजा 2025’ को लेकर एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें तैयारियों की समीक्षा और अंतिम रूप देने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को तमाम दिशा निर्देश जारी किए।
बैठक में समिति से जुड़े विधायक चंदन कुमार चौधरी के अलावा वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव, कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग की सचिव और MCD, DDA, राजस्व विभाग, दिल्ली जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, दिल्ली के सभी जिलाधिकारी और I & FC विभाग के अधिकारी उपथित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों, व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।
मीटिंग के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग एक हजार से ज्यादा स्थानों पर छठ पर्व मनाया जाएगा जो अब तक का सबसे व्यापक आयोजन होगा। पिछले कई वर्षों के बाद यमुना घाटों पर छठ पूजा का विशेष आयोजन किया जा रहा है जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
यमुना घाटों के अलावा छठ पूजा के लिए चार प्रमुख स्थान द्वारका, हाथी घाट, पीतमपुरा और सोनिया विहार पर विशेष तौर पर भव्य आयोजन किए जाएंगे। दिल्ली के सभी छठ घाटों पर पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए विशेष इंतजाम नजर आयेंगे।
कपिल मिश्रा ने आगे कहा कि कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा दिल्ली के 200 से अधिक स्थानों पर विभिन्न कलाकार लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे। घाटों पर भव्य स्वागत द्वार, छठी मैय्या और सूर्य भगवान की प्रतिमाओं के साथ ही आकर्षक विद्युत सजावट लगाई जाएगी ताकि वातावरण श्रद्धापूर्ण और उत्सवमय बने। कुछ प्रमुख स्थानों पर ‘मॉडल छठ घाट’ स्थापित किए जा रहे हैं जो सजावट और सुविधाओं के दृष्टिकोण से उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
छठ घाटों की तैयारियों के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी हेतु सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम लागू किया गया है जैसा पूर्व में अन्य बड़े आयोजनों जैसे कांवड़ यात्रा, गणेशोत्सव, दुर्गा पूजा और रामलीला में किया गया था। प्रत्येक नगर निगम जोन में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे जो व्यवस्थाओं के समन्वय और निगरानी का कार्य करेंगे। एमसीडी को निर्देश दिया गया है कि घाटों की नियमित सफाई के लिए पर्याप्त सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएँ।
मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ घाटों पर स्वच्छता बनाये रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट वैन और एम्बुलेंस तैनात की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा और फायर डिपार्टमेंट की तैयारियाँ पूरी रहें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारू वातावरण मिल सके। घाटों पर सुरक्षा और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी सिचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग को दी गई जबकि फायर डिपार्टमेंट, एनडीएमसी और एमसीडी सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करेंगे।
मंत्री कपिल मिश्रा ने श्रद्धालुओं के लिए सुबह के अर्घ्य के बाद नाश्ते और पेयजल की व्यवस्था करने के लिए भी सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिया। साथ ही, यमुना बोट क्लब द्वारा सजाई गई नौकाओं पर कलाकारों की लाइव प्रस्तुतियों की योजना बनाने की बात भी कही जिससे भक्तों को विशेष सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त हो सके।
