‘ सरदार @150’ अभियान देगा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश – आशीष सूद

Date:

• सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर दिल्ली में भव्य उत्सव, यमुना से झेलम तक पहुँचेगा एकता का जल l

• 1 नवंबर को लाल किले पर “एक भारत श्रेष्ठ भारत” सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रोजेक्शन मैपिंग शो l

नई दिल्ली । 7 अक्टूबर 25 । दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राजधानी में भव्य राष्ट्रीय एकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। “सरदार @150” के इस अवसर पर केंद्र सरकार और युवा एवं खेल मंत्रालय के आह्वान पर दिल्ली में अनेक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे l दो माह चलने वाले इस अभियान का मुख्य संदेश “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत, एकजुट भारत, विकसित भारत के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रीय एकता, नशामुक्त जीवन, स्वच्छ यमुना का संदेश फैलाना है। सरदार पटेल जी की यह 150वीं जयंती, कश्मीर से कन्याकुमारी तक एकता की वह भावना जगाएगी जिसकी कल्पना उन्होंने स्वयं की थी।

इस अवसर पर सूद ने बताया कि इस ऐतिहासिक अभियान के अंतर्गत दिल्ली के 15 शैक्षिक जिलों से 150 विद्यार्थी यमुना नदी से जल संग्रह करेंगे और यह जल देश की 25 प्रमुख नदियों तक पहुँचाया जाएगा जिनमें जम्मू-कश्मीर की झेलम और हैदराबाद की मूसी नदी भी शामिल हैं। बदले में इन नदियों का पवित्र जल दिल्ली लाया जाएगा जिसे पटेल चौक स्थित सरदार पटेल प्रतिमा पर अभिषेक कर “राष्ट्रीय एकता का जल संकल्प” लिया जाएगा। 31 अक्टूबर को इन सभी नदियों के पवित्र जल से मुख्यमंत्री जी सरदार पटेल जी की प्रतिमा का जलाभिषेक करेंगी। इस पूरे अभियान पर आधारित वीडियो डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की जाएगी जिसका प्रदर्शन मुख्य समारोह में किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली में 31 अक्टूबर 2025 को शाम 6:00 बजे से दिल्ली के 11 रेवेन्यू जिलों में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राज्य स्तरीय “एकता पदयात्रा” का आयोजन किया जाएगा, जो पटेल चौक से प्रारंभ होकर नेशनल वॉर मेमोरियल तक जाएगी। इसमें लगभग 5000 प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रत्येक जिले से चुने गए छात्र-प्रतिनिधि, शिक्षक, युवा, NSS, NCC और MY Bharat के स्वयंसेवक इसमें भाग लेंगे। इन पदयात्राओं का समापन जिलेवार सांस्कृतिक व प्रेरक कार्यक्रमों के साथ होगा जहाँ विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और एकता की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। 1 नवंबर से 25 नवंबर तक दिल्ली के 10 ज़िलों में 15-15 किलोमीटर लंबी पदयात्राएँ आयोजित की जाएँगी, जो मिलकर कुल 150 किलोमीटर लंबा अभियान बनाएँगी। इन पदयात्राओं का नेतृत्व दिल्ली के सांसद, मंत्री, विधायक, पद्म पुरस्कार विजेता, विशिष्ट पेशेवर और अन्य प्रमुख हस्तियाँ करेंगी।

सूद ने बताया कि 1 नवंबर जो दिल्ली सहित नौ राज्यों का स्थापना दिवस है उस दिन लाल किले पर “एक भारत श्रेष्ठ भारत – आत्मनिर्भर भारत” विषय पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रोजेक्शन मैपिंग शो आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी राज्यों की संस्कृति, खानपान और आत्मनिर्भरता की झलक प्रदर्शित की जाएगी। आयोजन में दिल्ली के युवा और स्कूली छात्र-छात्राएँ प्रमुख भूमिका निभाएँगे ताकि यह उत्सव जनभागीदारी का प्रतीक बने।
शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि इस समारोह में केंद्र सरकार की संस्था “माई भारत (My Bharat)” के सहयोग से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी यात्रा के अंतर्गत दिल्ली के 15 शैक्षिक जिलों में “एक भारत श्रेष्ठ भारत – आत्मनिर्भर भारत” विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिले से 10 सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी चुने जाएँगे कुल 150 बच्चे जो सरदार पटेल जी की 150वीं जयंती का प्रतीक होंगे। चयनित विद्यार्थियों को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (गुजरात) की यात्रा पर ले जाया जाएगा। शीर्ष 15 बच्चों के पोस्टर प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री को भेजे जाएँगे। 26 नवम्बर 2025 संविधान दिवस पर राष्ट्रीय स्तर की पदयात्रा गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से आरंभ होगी, जिसमें देशभर के चयनित प्रतिनिधि, NSS, NCC और MY Bharat के युवा शामिल होंगे। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया युवाओं को संबोधित करेंगे।

शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि इस अवसर पर दिल्ली में भी विशेष आयोजन किया जाएगा l 1 नवम्बर को दिल्ली स्थापना दिवस “मेरी दिल्ली, मेरा देश” थीम पर मनाया जाएगा जिसमें प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट एंड साउंड शो तथा भोजन उत्सव (फूड फेस्टिवल) आयोजित किए जाएंगे।

सूद ने यह भी कहा कि सरदार @150 अभियान, भारत के महान एकीकरणकर्ता सरदार पटेल को श्रद्धांजलि ही नहीं बल्कि भारत के युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता, अखंडता और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरणा का आह्वान है। आइए हम सब मिलकर एक भारत, आत्मनिर्भर भारत, एकजुट भारत, विकसित भारत का संकल्प लें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related