सरकार और निजी अस्पताल के मिलकर काम करने से स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आता है- डॉ पंकज कुमार सिंह

Date:

  •  मंत्री ने आपातकालीन सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए “आकाश कम्युनिटी लाइफ सेवर्स (ACLS) की एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

    नई दिल्ली । 5 अक्टूबर 2025 । राजधानी दिल्ली में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और ज्यादा मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली के माननीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आज “आकाश कम्युनिटी लाइफ सेवर्स ( ACLS ) निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा” के तहत 10 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आकाश हेल्थकेयर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल द्वारा शुरू की गई यह पहल दिल्ली-एनसीआर में त्वरित चिकित्सा सहायता मुहैया कराने और समय पर आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित कर जिंदगी बचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जो सामुदायिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल दिल्ली की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को सशक्त बनाने और सरकार की उत्तरदायी और सुलभ स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की प्रतिबद्धता को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ दिल्ली के द्वारका स्थित आकाश हेल्थकेयर अस्पताल में आयोजित समारोह से किया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर आईपीएस अधिकारी रॉबिन हिबू, आकाश हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक डॉक्टर आशीष चौधरी समेत स्वास्थ्य क्षेत्र की कई नामी हस्तियां इस मौके पर उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने सरकारी और निजी भागीदारी (Public-Private Partnership) के महत्व पर बल देते हुए कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि जब सरकारी संस्थान निजी अस्पतालों या संस्थाओं के साथ मिलकर जनता को सेवाएं प्रदान करने लग जाते हैं, तो उस राज्य की दशा और दिशा दोनों बदल जाती हैं। चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग के लिए हम इस एम्बुलेंस सेवा के शुभारंभ का स्वागत करते हैं। इस सेवा के शुरू होने से आदर्श एम्बुलेंस प्रतिक्रिया समय 30 मिनट से घटकर लगभग 25 मिनट हो गया है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने में लगी है कि एक कॉल करने पर ही एम्बुलेंस तुरंत मरीज तक पहुंच सके। हम राजधानी में कॉलर सिस्टम को और ज्यादा बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। मैं आकाश हॉस्पिटल समेत अन्य दूसरे संस्थानों से भी आग्रह करता हूं कि इस दिशा में और तेजी से सुधार करें। यह सेवा दिल्ली के लिए एक बेहतर सुविधा के साथ प्रशंसनीय कदम है। सभी संस्थाओं को मिलकर भविष्य में ऐसे ही प्रयास करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह से निःशुल्क है, जिसके लिए दिल्ली की जनता से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए राजधानी दिल्ली में मिलाटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए त्योहारों के मौसम में दिल्ली स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ पूरी दिल्ली में लगातार छापेमारी अभियान चल रहा है। राजधानी में कई स्थानों के साथ बड़ी मंडियों में छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है। आगे भी फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट का छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने मिलावटखोरों को चेतावनी देते हुए कहा कि मैं साफ कर देना चाहता हूं कि कोई भी व्यक्ति या संस्था जो मिलावटी सामान या नकली खाद्य पदार्थ बेचते हुए पकड़ा जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के साथ फूड सेफ्टी की टीमें पूरी तैयारी के साथ लगातार छापेमारी में जुटी हैं। राजधानी दिल्ली में मिलावट करने वाला कोई भी हमारी सरकार में बच नहीं पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related