- कहा कि अगले वर्ष से नॉर्थ ईस्ट छात्रों के फेस्टिवल ओर भी भव्य स्तर पर होंगे
- तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 8वें नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल में रेखा गुप्ता ने की शिरकत
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित 8वें नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल (NESt Fest 2025) में शिरकत की। इस अवसर पर पूर्व सेना प्रमुख एवं मिजोरम के राज्यपाल वीके सिंह , भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव और माई होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘माई होम इंडिया’ इन तीन शब्दों में पूरे भारत का सार समाया है। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नॉर्थ ईस्ट आज देश की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ा है। सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, कॉलेज, आईआईटी जैसी सभी सुविधाएं अब उत्तर-पूर्वी राज्यों तक पहुंच चुकी हैं। जिन राज्यों को पहले देश का “आखिरी छोर” कहा जाता था, आज वे “देश की शुरुआत” कहलाते हैं।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बसे नॉर्थ ईस्ट के छात्रों और युवाओं को भरोसा दिलाया कि दिल्ली भी उनकी अपनी है और दिल्ली सरकार उनकी सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य के लिए हमेशा साथ खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्षों में नॉर्थ ईस्ट छात्रों का फेस्टिवल दिल्ली सरकार के सहयोग से और भी भव्य स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों की वेशभूषा, साड़ी और विविध सांस्कृतिक रंगों की तारीफ करते हुए कहा कि भारत का हर राज्य अपनी अनूठी सुंदरता और गर्व का प्रतीक है। उन्होंने सभी युवाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि दिल्ली सरकार उनके साथ हमेशा खड़ी रहेगी।
