नई दिल्ली 23 सितंबर 2025 । दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा-2025 के दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान में खुद शामिल हुए। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत दिल्ली के धौला कुआं रिंग रोड पर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने खुद हाथ में झाड़ू लेकर सफाई अभियान का नेतृत्व किया और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सैकड़ों लोगों के साथ पूरे इलाके में सफ़ाई अभियान चलाया। जिसमें डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के साथ स्थानीय लोगों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान में पूरे समर्पण और उत्साह से भाग लिया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली में 17 सितंबर से लेकर 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा-2025 अभियान चलाया जा रहा है। सेवा पखवाड़ा में हमने फैसला किया है कि हम दिल्ली के बाहरी इलाकों के साथ-साथ पूरी दिल्ली की साफ-सफाई करेंगे। हमारे प्रधानमंत्री ने हम लोगों को लोगों की सेवा करने की जिस भावना को सिखाया है। उसके तहत स्वच्छ जीवन, सुंदर जीवन, साफ जीवन के साथ दिल्ली सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ रहे। इसके लिए स्वच्छता अभियान पूरे दिल्ली में चलाया जा रहा है। सफाई अभियान में हमारे सभी विधायक, पार्षद और हर कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहे हैं। दिल्ली सरकार सेवा पखवाड़ा के दौरान राजधानी में 75 से ज्यादा कार्यक्रम चला रही है। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता अभियान, दिल्ली की जनता को अच्छी बस सुविधा देने के लिए कल हमारी सरकार ने हरि नगर बस डिपो का शिलान्यास किया, तो वहीं, आज इंटर स्टेट एसी बस सर्विस की शुरुआत की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जनसेवा की भावना से हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने हमें जो कुछ भी सिखाया है और जनता से दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का जो संकल्प लिया है, उन सभी काम को हमारी सरकार सेवा पखवाड़े के दौरान करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी दिल्ली को कूड़ा-कचरा से मुक्त कर स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प और भी मजबूत हुआ है। स्वच्छता ही सेवा अभियान सिर्फ कूड़ा-कचरा हटाने की पहल भर नहीं, बल्कि दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ राजधानी बनाने की दिशा में चल रहा एक जन आंदोलन है, जिसमें दिल्ली के हर नागरिक की भागीदारी बेहद ज़रूरी है।
सेवा पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ ही दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, बीजेपी विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में रिंग रोड और उसके आसपास के इलाके की साफ-सफाई कर स्वच्छता कायम करने में अपना योगदान दिया ।
